बेगूसराय से डबलु कुमार की रिपोर्ट
Begusarai Journalist Attack : बछवाड़ा थाना क्षेत्र में मनरेगा योजना में कथित अनियमितताओं की कवरेज करने पहुंचे एक पत्रकार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है.
योजना की जांच करने पहुंचे थे पत्रकार
रिपोर्टर ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उन्हें रानी एक पंचायत में मनरेगा योजना में फर्जी हाजिरी और वित्तीय अनियमितताओं की सूचना मिली थी. सूचना की सत्यता की जांच करने और वीडियो कवरेज के लिए वह शनिवार को वार्ड संख्या-13 स्थित योजना स्थल पर पहुंचे थे.
वीडियो बनाने से रोका, फिर की मारपीट
आवेदन के अनुसार योजना स्थल पर मौजूद वार्ड सदस्य और उनके सहयोगियों ने उन्हें वीडियो बनाने से रोका. विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया. पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि इसके बाद उन्हें जमीन पर पटक कर लात-घूंसों से पीटा गया. मारपीट के दौरान सिर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोट पहुंचाई गई.
गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप
पत्रकार ने आरोप लगाया कि वार्ड सदस्य ने उनका हाथ पकड़ लिया, जबकि उनके पुत्र ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया. शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जान बच सकी.
खबर बनाने पर दी धमकी
पीड़ित के अनुसार जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि यदि भविष्य में उनके खिलाफ कोई खबर प्रकाशित की गई तो अंजाम गंभीर होगा. उन्होंने यह भी कहा कि दोबारा खबर बनाई तो तुम्हारी मौत की खबर छपवा देंगे.
गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पत्रकार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि आंतरिक चोटों के कारण उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर किया गया है.
इसे भी पढ़ें : 70वीं BPSC में सूरज कुमार की उपलब्धि से गौरवान्वित हुआ बिक्रम, वार्ड पार्षद ने किया सम्मानित
इसे भी पढ़ें : स्टेशनरी दुकानदार के बेटे-बेटी ने बढ़ाया पटना का मान, 70वीं BPSC में लहराया सफलता का परचम
