24.1 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

दो ओलिंपिक खेल चुकीं सुंदरगढ़ की दीप ग्रेस एक्का ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से लिया संन्यास

सुंदरगढ़ की दीप ग्रेस एक्का ने 2016 रियो ओलंपिक में भारत को क्वालीफाई कराने में भूमिका निभाई थी. तोक्यो ओलंपिक में रक्षा पंक्ति में अहम भूमिका निभाई. यहां भारत चौथे स्थान पर रहा था. ओडिशा की एक्का 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम की भी सदस्य थी.

भारतीय महिला हॉकी टीम की डिफेंडर और पेनल्टी कॉर्नर विशेषज्ञ दीप ग्रेस एक्का ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास ले लिया है. दो ओलिंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली दीप ग्रेस ने 2011 में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था. उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मैं बेहद कृतज्ञता और विनम्रता के साथ आधिकारिक तौर पर आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास की घोषणा करती हूं. 2011 से 2023 तक की यात्रा मेरे जीवन का मुख्य आकर्षण रही है. मैं खेल के शिखर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं. ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के लुलकिडीही गांव की रहने वाली एक्का ने जर्मनी में 2013 महिला जूनियर हॉकी विश्व कप में भारत को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी.

तोक्यो ओलिंपिक में रक्षा पंक्ति में निभाई थी अहम भूमिका

सुंदरगढ़ की इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने 2016 रियो ओलंपिक में भारत को क्वालीफाई कराने में भूमिका निभाई थी. उन्होंने तोक्यो ओलंपिक में टीम की रक्षा पंक्ति में अहम भूमिका निभाई थी, जहां भारत चौथे स्थान पर रहा था. ओडिशा की एक्का 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम की भी सदस्य थी. उन्होंने 2014 और 2018 एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली भारतीय टीमों का भी प्रतिनिधित्व किया था. वह 2016 महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और 2017 एशिया कप में खिताब जीतने वाली भारतीय टीमों की सदस्य भी थी.

Also Read: ओडिशा के हॉकी खिलाड़ी अमित रोहिदास को सीएम नवीन पटनायक देंगे डेढ़ करोड़ रुपए
17 साल की उम्र में इंटरनेशनल हॉकी में किया पदार्पण

एक्का ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में अपनी यात्रा 17 साल की उम्र में 2011 में शुरू की जब उन्होंने अर्जेंटीना में चार देशों के टूर्नामेंट में पदार्पण किया. इसके बाद वह बैंकॉक (थाईलैंड) में अंडर 18 महिला एशिया कप में खेलने गईं. इसमें दमदार प्रदर्शन के कारण वह राष्ट्रीय शिविर में नियमित तौर पर जगह बनाने में सफल रहीं. हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने एक्का को शानदार करियर के लिए बधाई देते हुए कहा कि एक दशक से अधिक समय तक दीप ग्रेस एक्का महिला हॉकी में एक घरेलू नाम रहीं.

देश के युवाओं के लिए प्रेरणा रहीं दीप ग्रेस एक्का

हॉकी में उनकी सफलता न केवल ओडिशा में बल्कि पूरे देश में युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा रही है. उन्होंने कहा कि उसने अपने पूरे करियर में शानदार खेल कौशल दिखाया है और पिछले दशक में टीम के विकास में बहुत योगदान दिया है. हॉकी इंडिया की ओर से मैं उसे भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं और उसके शानदार करियर के लिए बधाई देता हूं.

Also Read: Tokyo Olympics: भारतीय हॉकी टीम की सफलता के पीछे ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक का हाथ ? अब ले लिया बड़ा फैसला
दीप ने रिटायरमेंट के बाद कही यह बात

इधर, दीप ने कहा कि मैं साथी खिलाड़ियों, सभी कोच, सलाहकारों और सभी सहयोगी स्टाफ से कहना चाहूंगी कि आपकी उपस्थिति मेरे लिए बेहद खास रही है। मैं अपनी आकांक्षाओं को वास्तविकता में बदलने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए आभारी हूं. मैं हॉकी इंडिया, ओडिशा हॉकी संघ, ओडिशा सरकार, भारत सरकार और भारतीय खेल प्राधिकरण को उनके अटूट समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद देती हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें