उधवा . उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के महाराजगंज थाना की पुलिस राधानगर थाना पहुंची . राधानगर पुलिस के सहयोग से यूपी पुलिस की टीम ने बकायटोला में छापेमारी कर एक युवती को सकुशल बरामद किया . वहीं, मामले में आरोपी युवक शाहिद शेख उर्फ वाहिद को भी गिरफ्तार कर पुलिस अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गयी .
महाराजगंज थाने में दर्ज है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले को लेकर उत्तर प्रदेश के महाराजगंज थाना में कांड दर्ज है . बताया गया कि राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला निवासी शाहिद शेख उर्फ वाहिद मुंबई में एक दुकान में काम करता था . इसी दौरान दुकान मालिक की बेटी से उसकी जान-पहचान हुई .
आरोप है कि युवक शादी का झांसा देकर युवती को अपने साथ लेकर चला गया . बताया जा रहा है कि घटना इसी वर्ष मार्च महीने की है . इसके बाद आरोपी युवती को अपने घर लेकर आया, जहां दोनों ने शादी कर ली और करीब पांच महीने से साथ रह रहे थे . इस संबंध में युवती के परिजनों ने महाराजगंज थाना में मामला दर्ज कराया था .
जांच के दौरान बकायटोला में रहने की मिली सूचना
मामला दर्ज होने के बाद महाराजगंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की . अनुसंधान के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि युवती और आरोपी राधानगर थाना क्षेत्र के बकायटोला स्थित घर में रह रहे हैं .
सूचना के आधार पर गुरुवार को यूपी पुलिस राधानगर थाना पहुंची . स्थानीय पुलिस के सहयोग से बकायटोला में छापेमारी की गयी . इस दौरान पुलिस ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया .
आरोपी को गिरफ्तार कर यूपी ले गयी पुलिस
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी शाहिद शेख उर्फ वाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया . इसके बाद यूपी पुलिस युवती और आरोपी को अपने साथ उत्तर प्रदेश ले गयी . पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है .
