आवेदन के बाद भी नहीं मिल रहा विद्युत कनेक्शन, अब छापेमारी कर एफआइआर दर्ज कर रहा विभाग

जिला परिषद उपाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यपालक अभियंता से की शिकायत, सुनायी समस्या

साहिबगंज. विद्युत समस्या के समाधान को लेकर साहिबगंज सदर प्रखंड अंतर्गत हरप्रसाद गांव के दर्जनों ग्रामीण बुधवार को विद्युत कार्यपालक अभियंता से उनके कार्यालय में मिले. इस दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं. सुनील यादव ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व ग्रामीणों ने विभाग को आवेदन दिया था, जिसके आलोक में विभाग के आदेश पर गांव में विद्युत कनेक्शन लगाया गया था. इसके बावजूद ग्रामीण लगातार विद्युत उपभोक्ता बनाए जाने की मांग करते रहे, लेकिन कोई भी विभागीय पदाधिकारी वहां नहीं पहुंचे और ना ही विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कराई गई. इधर, मंगलवार को अचानक विद्युत विभाग की टीम ने गांव में छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान कई ग्रामीणों पर भारी जुर्माना लगाया गया और कुछ के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई. ग्रामीणों का कहना है कि यह सरासर अन्याय है. विद्युत कार्यपालक अभियंता से वार्ता के दौरान ग्रामीणों ने मांग की कि हरप्रसाद गांव के लोगों का बिजली बिल तत्काल माफ किया जाए और सभी को विधिवत विद्युत उपभोक्ता बनाया जाए. जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कहा कि कुछ ग्रामीणों पर 30 से 35 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया गया है, जबकि वे सभी दिहाड़ी मजदूर हैं और मुश्किल से महीने में 3 से 4 हजार रुपये ही कमा पाते हैं. ऐसे में वे इतनी भारी राशि कैसे अदा करेंगे. गांव के वार्ड समिति सदस्य जियाउल हक ने बताया कि मंगलवार को छापेमारी के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा था कि वे लोग बुधवार को विद्युत कार्यालय पहुंचकर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर उपभोक्ता बन जाएंगे. ग्रामीणों ने कई बार विभाग से अनुरोध किया था कि उनके घरों में वैध रूप से विद्युत कनेक्शन लगाया जाए, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. मंगलवार को अचानक हुई छापेमारी के बाद जब ग्रामीणों ने अनुरोध किया, तब विभागीय टीम ने छापेमारी रोकते हुए बुधवार को कार्यालय आने की बात कही. लेकिन, इसके बावजूद विभाग की ओर से गांव के 5-6 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करवा दी गई और भारी जुर्माना भी लगाया गया. ग्रामीणों का कहना है कि जब विभाग ने खुद ही बुधवार को कार्यालय आने का आश्वासन दिया था, तो फिर प्राथमिकी और जुर्माना क्यों लगाया गया. इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता शंभू नाथ चौधरी ने बताया कि विभागीय नियमों के तहत जगह-जगह छापेमारी की जा रही है. जो भी व्यक्ति बिना वैध कनेक्शन के बिजली का उपयोग कर रहा है, उसे जल्द से जल्द कनेक्शन लेना चाहिए. अन्यथा, विभागीय टीम द्वारा पकड़े जाने पर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. मौके पर मो.जमाल, मो. सैफुल, मो.अफजल, मो जलालुद्दीन शेख, मो नजीर, मो.जियाउल हक, मो.अब्बास अली, मो काबिल, मो.असगर, मो जियाउल हक, मो.बशीर, पिन्टू यादव आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >