भीषण आगलगी में तीन घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

राधानगर थाना क्षेत्र की उत्तरी सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत बोतलुटोला गांव की घटना

उधवा. राधानगर थाना क्षेत्र की उत्तरी सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत बोतलुटोला गांव में बुधवार की दोपहर भीषण आग लगने से तीन घर जलकर राख हो गये. इस दिल दहला देने वाली घटना में मोटरसाइकिल, साइकिल, घरेलू सामान, जेवरात और नगदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई. हालांकि, आग किस कारण लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पायी है. स्थानीय लोगों के अनुसार, बोतलुटोला निवासी कंजूलाल मंडल के घर से अचानक धुआं उठने लगा. तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पड़ोसी नंदलाल मंडल तथा प्रसेनजीत मंडल के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भयावह थी कि तीनों घर पूरी तरह जलकर राख हो गये. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सब कुछ खाक हो चुका था. आग लगने की सूचना मिलते ही उधवा के बीडीओ सह सीओ जयंत कुमार तिवारी, अंचल निरीक्षक दारा पासवान, राजस्व कर्मचारी और राधानगर थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एएसआई सुनील कुमार मेहता दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. आंखों के सामने जलकर खाक हो गया सब कुछ इस भयावह घटना में कंजूलाल मंडल का सिलाई मशीन, एक लाख रुपये नगद, जेवरात, पलंग, दस्तावेज समेत पूरा घर जलकर खाक हो गया. वहीं, प्रसेनजीत मंडल ने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल, पलंग, दो लाख रुपये नगद, जेवरात और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गये. नंदलाल मंडल का कहना है कि उनकी साइकिल, 90 हजार रुपये नगद, अनाज और जरूरी कागजात भी आग की भेंट चढ़ गये. देरी से पहुंची दमकल, ग्रामीणों ने खुद बुझायी आग अग्नि पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई थी, लेकिन दमकल गाड़ी देरी से पहुंची. जब तक दमकल वाहन गांव पहुंचा, तब तक ग्रामीणों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था. पीड़ितों ने आरोप लगाया कि अगर दमकल समय पर पहुंचती तो शायद कुछ सामान बचाया जा सकता था. दूसरी ओर, अग्निशमन विभाग का कहना है कि राजमहल से घटनास्थल की दूरी अधिक होने के कारण पहुंचने में विलंब हो गया. क्या कहते हैं पदाधिकारी प्रशासन पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद देगा और उन्हें मुआवजा उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने पीड़ितों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सरकारी सहायता मुहैया कराई जायेगी. जयंत कुमार तिवारी, बीडीओ सह सीओ

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >