अनगड़ा. रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के बानपुर गांव के बेहराटोली में शनिवार सुबह अवैध संबंध के शक में एक विवाहिता के साथ मारपीट कर उसका सिर मुंडाने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने अनगड़ा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी है.
शिकायत के अनुसार, बानपुर निवासी निशा तिर्की को संदेह था कि उसके पति रवींद्र असुर का पीड़िता के साथ प्रेम संबंध है. इसी रंजिश में शनिवार सुबह निशा तिर्की अपनी मां के साथ कथित रूप से पीड़िता के घर पहुंची. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने महिला को घर से बाहर खींचकर उसके साथ मारपीट की और बाद में उसके सिर के बाल मुंड दिये.
पीड़िता ने पुलिस से मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है.
