विभागों के तालमेल की कमी से रांची की जनता परेशान, सिरमटोली फ्लाईओवर के नीचे तीन माह से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण

रांची में विभागीय समन्वय की कमी आम जनता पर भारी पड़ रही है. रेलवे स्टेशन से सिरमटोली चौक तक फ्लाईओवर के नीचे तीन महीने से सड़क निर्माण अटका है, जिससे रोजाना जाम और धूल का सामना करना पड़ रहा है. पाइपलाइन में बाधा के कारण काम रुका है, जिससे हादसे का डर बढ़ गया है.


Ranchi News: राजधानी रांची में सड़क निर्माण और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों में विभागीय समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है. रांची रेलवे स्टेशन से सिरमटोली चौक जाने वाली सड़क पर नवनिर्मित फ्लाईओवर के नीचे पिछले तीन माह से अधिक समय से सड़क निर्माण और केबल बिछाने का काम अधूरा पड़ा है. इसके कारण रोजाना हजारों वाहन चालकों और राहगीरों को जाम, धूल और दुर्घटना की आशंका के बीच आवागमन करना पड़ रहा है.

एक तरफ सड़क बंद, दूसरी ओर खोदे गए बड़े गड्ढे

फ्लाईओवर के नीचे सड़क निर्माण के चलते सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह बंद कर दिया गया है. वहीं दूसरी ओर मुख्य सड़क पर केबल बिछाने के लिए दो बड़े गड्ढे खोदे गए हैं. इन गड्ढों के कारण सड़क काफी संकरी हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. व्यस्त समय में यहां लंबा जाम लगना आम बात हो गई है और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

पाइपलाइन आने से रुक गया केबल बिछाने का काम

स्थानीय लोगों और कार्यस्थल पर मौजूद कर्मियों के अनुसार, केबल बिछाने के दौरान गड्ढे में पेयजल विभाग की पाइपलाइन आ गई. पाइपलाइन सामने आने के बाद काम को बीच में ही रोकना पड़ा. इसके बाद से अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है. परिणामस्वरूप गड्ढे खुले पड़े हैं और उनमें बारिश का पानी भर गया है. निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों ने बताया कि फिलहाल वे अन्य स्थानों पर काम कर रहे हैं. फ्लाइओवर के नीचे का काम तभी आगे बढ़ेगा, जब सड़क निर्माण विभाग और पेयजल विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से कोई समाधान निकालेंगे.

बारिश के पानी से बढ़ा हादसे का खतरा

गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है. पानी के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. विशेषकर रात के समय वाहन चालकों के लिए यह बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. राहगीरों का कहना है कि प्रशासन को केवल सड़क खोदकर छोड़ देने के बजाय समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करना चाहिए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े.

रोज लग रहा जाम, लोग हो रहे परेशान

यह मार्ग रांची रेलवे स्टेशन को शहर के प्रमुख हिस्सों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है. प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं. सड़क संकरी होने और निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण सुबह और शाम के समय लंबा जाम लग रहा है. इससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, छात्र, मरीज और आम नागरिक सभी प्रभावित हो रहे हैं. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार जाम लगने से उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है और ग्राहक इस रास्ते से आने से बच रहे हैं.

'तीन दिन में पूरा हो सकता है काम'

केबल बिछाने में लगे कर्मियों ने बताया कि यदि संबंधित विभागों की ओर से आवश्यक निर्देश मिल जाएं और पेयजल पाइपलाइन की समस्या का समाधान कर दिया जाए तो फ्लाइओवर के नीचे का अधूरा कार्य मात्र तीन दिनों में पूरा किया जा सकता है. इसके बाद गड्ढों को भरकर सड़क को सामान्य आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें: रांची नगर निगम को झारखंड हाईकोर्ट से झटका, अपर बाजार के छह कारोबारियों को अंतरिम राहत

विभागीय समन्वय की कमी पर उठ रहे सवाल

करीब तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण और केबल बिछाने का काम पूरा नहीं होना विभागीय समन्वय पर सवाल खड़े कर रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क विभाग और पेयजल विभाग समय रहते आपसी समन्वय स्थापित कर लेते, तो यह समस्या लंबे समय तक नहीं बनी रहती. अब लोगों की मांग है कि दोनों विभाग तत्काल बैठक कर तकनीकी समाधान निकालें और इस महत्वपूर्ण मार्ग पर अधूरा पड़ा निर्माण कार्य जल्द पूरा कर आम जनता को राहत दिलाएं.

इसे भी पढ़ें: बुधवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे पंचायत सहायक, आठ सूत्री मांगों को लेकर रांची में शक्ति प्रदर्शन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज त्रिपाठी,

प्रख्यात अभिनेता, ट्विटर
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >