सतीश कुमार
Ranchi: राजधानी रांची में शनिवार को गर्मी के बीच पानी का बड़ा संकट खड़ा हो गया. बूटी जलागार से निकलने वाली टाउन पाइपलाइन और रातू रोड के बड़े इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहने से करीब पांच लाख की आबादी प्रभावित हुई. पानी नहीं मिलने से लोग बूंद-बूंद के लिए तरस गये. कई इलाकों में स्थिति इतनी गंभीर हो गयी कि लोगों को घरेलू काम और पीने के लिए बाजार से जार और बोतल का पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ी. जलापूर्ति बाधित होने के कारण शनिवार को शहर के दर्जनों मुख्य इलाकों में पानी के लिए हाहाकार मचा रहा.
इन इलाकों में जलापूर्ति रही प्रभावित
इसमें टाउन लाइन के ईएमएस, बूटी, कोकर, कांटा टोली, सामलौंग, चुटिया, डंगरा टोली, बहुबाजार, सिरम टोली, पत्थलकुदवा, कुरैशी मोहल्ला और रातू रोड इलाके के रातू रोड, पिस्का मोड़, अपर बाजार, किशोर गंज, पहाड़ी मंदिर एरिया, कुम्हार टोली, मधुकम, खादगढ़ा, जयप्रकाश नगर, बैंक कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, ओझा मार्ग, दयाल नगर, शाहदेव नगर, आर्यपुरी, इंद्रपुरी, शिवपुरी, मेट्रो गली, आनंद नगर, कैलाश नगर, गाड़ीखना चौक समेत कई इलाके शामिल हैं. जलापूर्ति ठप होने के पीछे बिजली संकट मुख्य वजह रही.
दोपहर के समय मेन तार पर गिरा पेड़
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे बिजली के मुख्य तार पर एक बड़ा पेड़ गिर गया. इस वजह से रूक्का प्लांट की बिजली लगभग साढ़े सात घंटे तक पूरी तरह गुल रही. काफी मशक्कत के बाद शाम को मरम्मत का कार्य पूरा हुआ और बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी. बिजली न रहने के कारण मोटर नहीं चल सकी, जिससे रातू रोड और टाउन इलाके के जलाशयों (Sumps) को भरा नहीं जा सका. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शाम को बिजली आने के बाद रूक्का प्लांट में मोटर चलाकर दोनों संप को भरने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है.
रूक्का से पानी आने के बाद बूटी ट्रीटमेंट प्लांट के संप को भरा जायेगा. इसके बाद ही मुख्य पाइपलाइन में पानी छोड़ा जा सकेगा. विभाग द्वारा रविवार को इन सभी प्रभावित इलाकों में जलापूर्ति सामान्य करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें…
झारखंड vs बिहार व्यवस्था! मतदाता सूची में विसंगतियों पर JMM ने चुनाव आयोग को घेरा
