Nitin Nabin, रांची: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में पार्टी की एक बड़ी बैठक की. इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश मीडिया और सोशल मीडिया-आईटी सेल के सदस्य मुख्य रूप से शामिल हुए. बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के नारे के साथ झारखंड भाजपा को भविष्य का रोडमैप दिया और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने का गुरुमंत्र दिया. नितिन नवीन ने एक बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए स्पष्ट किया कि वर्तमान टीम का गठन वर्ष 2029 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर किया गया है और यही टीम आगामी चुनावों का नेतृत्व करेगी. उन्होंने कहा कि पिछले अनुभवों से सीख लेते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को 2029 के लिए अभी से ही कमर कस लेनी होगी. झारखंड भाजपा का गढ़ था, है और हमेशा रहेगा.” उन्होंने आगे कहा कि बीते चुनाव में विपक्षी दलों के झूठे वादों के कारण हमें अपेक्षित सफलता भले न मिली हो, लेकिन आज भी जनता के दिलों में भाजपा के लिए गहरा प्यार है. अब निराशा को आशा में बदलने का समय आ गया है. उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक नियमित मासिक बैठकें सुनिश्चित करने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को पूरी गंभीरता से चलाने का निर्देश दिया.
JMM-कांग्रेस राज में हावी हुए जमीन माफिया: बाबूलाल मरांडी
बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की वर्तमान जेएमएम-कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जो दल जल, जंगल और जमीन के नाम पर राजनीति करते हैं, उनके सत्ता में आते ही जमीन माफिया, भ्रष्टाचारी और अपराधी हावी हो जाते हैं. आज राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्थानीय जनसमस्याओं और जनमुद्दों को लेकर मुखर हों और उग्र आंदोलन की रूपरेखा तैयार करें.
Also Read: Ramgarh: काफिला रोक मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दिखाई मानवता, घायल मां-बेटे की बचाई जान
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा कार्यकर्ताओं में फूंकेगा नई ऊर्जा: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि नितिन नवीन का एक सामान्य कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर भाजपा की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का जीवंत उदाहरण है. उनका यह दौरा संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए नया संबल प्रदान करेगा. वहीं, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने राज्य में चल रहे बूथ सशक्तिकरण और प्रशिक्षण अभियानों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की. इस महत्वपूर्ण बैठक का मंच संचालन गणेश मिश्र ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अमर कुमार बाउरी द्वारा किया गया. इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा सहित प्रदेश के दर्जनों वरिष्ठ नेता, विधायक और जिला स्तर के पदाधिकारी उपस्थित थे.
Also Read: बंद कमरे का ‘क्लाइमेक्स’: JMM और कांग्रेस के बीच कैसे सुलझा विवाद? पढ़ें पूरी इनसाइ़ड स्टोरी
