रांची : जेपीएससी (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ी और सीआईडी (CID) की जांच के बीच झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष एल. खियांगते ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उनका इस्तीफा बुधवार को स्वीकार कर लिया.
सीआईडी छापेमारी के कुछ ही घंटों बाद दिया इस्तीफा
उल्लेखनीय है कि परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और छात्रों के भारी विरोध के बाद मंगलवार को सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी की थी. जांच और अधिकारियों से हुई गहन पूछताछ के कुछ ही घंटों बाद, मंगलवार की देर रात ही अध्यक्ष एल. खियांगते ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था.
ये भी पढ़ें: झारखंड में खुला पहला फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया शुभारंभ
पूर्व मुख्य सचिव रह चुके हैं एल. खियांगते
वर्ष 1988 बैच के वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारी रहे एल. खियांगते जेपीएससी अध्यक्ष बनने से पहले झारखंड के मुख्य सचिव का अहम पद संभाल चुके थे. अपनी सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने 27 फरवरी 2025 को जेपीएससी के अध्यक्ष पद का प्रभार ग्रहण किया था. उनका कार्यकाल 25 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित था, लेकिन परीक्षा विवाद और प्रशासनिक दबाव के बीच उन्हें कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद छोड़ना पड़ा.
सीएम हेमंत सोरेन को लगातार मिल रही थी गड़बड़ी की शिकायत
सीआईडी ने मंगलवार को जेपीएससी के उप-परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता, अन्य स्टाफ और आउटसोर्सिंग एजेंसी टीडीपीएल के ठिकाने भी शामिल हैं. टीडीपीएल का पूरा नाम टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड है और यह जेपीएससी से जुड़े परीक्षा कार्यों में शामिल रहती है. इस एजेंसी को जेएसएससी ने ब्लैकलिस्टेड कर दिया था. इस एजेंसी के डायरेक्टर सतपाल सिंह और रणवीर सिंह बताये जा रहे हैं. मुख्यमंत्री हेमंत संरिन के पास जेपीएससी गड़बड़ी को लेकर लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं. फिलहाल टीम जेपीएससी की उप-परीक्षा नियंत्रक और टीडीपीएल के स्टाफ सहित आठ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. 20 मई 2025 को परीक्षाओं में अनियमितता को लेकर जेएसएससी ने टीडीपीएल कंपनी को काली सूची में डाल दिया था. लेकिन उसके बाद भी यह एजेंसी जेपीएससी में न केवल परीक्षाओं का संचालन कर रही थी, बल्कि सभी आठ तरह के संवेदनशील काम यही कर रही थी वहीं इससे पहले परीक्षा में अलग-अलग एजेंसियों से अलग-अलग काम लिये जाते थे.
ये भी पढ़ें: JPSC ऑफिस के बाहर भाजयुमो का प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ मेन गेट तक पहुंचे प्रदर्शनकारी
