मांदर-नगाड़े की थाप पर झूमा रांची, करम पूर्व संध्या पर गांव-गांव में सजी सांस्कृतिक महफिल

रांची में करम पर्व की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. विभिन्न स्थानों पर मांदर-नगाड़े की थाप पर लोग झूमे, जो प्रकृति, परंपरा और सामुदायिक एकता के महत्व को दर्शाता है.

रांची. करम पर्व की पूर्व संध्या पर सोमवार को रांची जिले के विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. चान्हो के सरना बाल विकास उच्च विद्यालय पोड़ाटोली में सरना समिति की ओर से आयोजित समारोह में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की मांदर और नगाड़े की थाप पर झूमीं. उन्होंने कहा कि करम केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा, संस्कृति और सामुदायिक एकता से जुड़ने का अवसर है.

उन्होंने कहा कि त्योहार समाज को एकजुट करने और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं. समारोह में शामिल 36 खोड़हा दलों के बीच मांदर और नगाड़े वितरित किये गये.

लापुंग में करम डाली की पूजा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम

लापुंग के आदिवासी केंद्रीय सरना आश्रम सरसा में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की मौजूदगी में करम डाली की पूजा-अर्चना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ. विभिन्न गांवों की नृत्य मंडलियों ने पारंपरिक करम गीतों पर प्रस्तुति दी.

प्रतियोगिता में मुंडारी टीम खुंटी को प्रथम, देवगांव की नृत्य मंडली को द्वितीय और नवाटोली की खोड़हा टीम को तृतीय पुरस्कार मिला. इस दौरान पाहन-पुजार और अतिथियों को भी सम्मानित किया गया.

अनगड़ा में करम महोत्सव

अनगड़ा के आरटीसी पब्लिक स्कूल और जशपुरिया बीएड कॉलेज परिसर में करम महोत्सव मनाया गया. जशपुरिया बीएड कॉलेज में संस्था अध्यक्ष जैलेन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि करम पर्व भावी पीढ़ी को अपनी जड़ों, प्रकृति और लोकसंस्कृति से जोड़ता है.

आरटीसी पब्लिक स्कूल में पाहन ने पारंपरिक विधि से करम देव की पूजा करायी. इसके बाद व्रतधारी छात्राओं ने अर्घ्य दिया. छात्राओं के बीच पारंपरिक नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी.

मेसरा में मांदर की थाप पर झूमे प्रशिक्षु

मेसरा के उदय मेमोरियल बीएड कॉलेज, केदल में प्रशिक्षुओं ने करम गीतों और मांदर की थाप पर नृत्य की प्रस्तुति दी. वहीं आरटीसी पब्लिक स्कूल केंदल में करम डाली की पूजा के बाद विद्यार्थियों ने झूमर नृत्य प्रस्तुत किया.

नाटक के जरिये करम की परंपरा का संदेश

चान्हो के बाघवार एकेडमी में विद्यार्थियों ने नाटक का मंचन किया. इसके माध्यम से करम पर्व की परंपरा, पूजा-विधि और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया. विद्यार्थियों ने पर्व की सांस्कृतिक और सामाजिक महत्ता को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >