अजय तिवारी की रिपोर्ट
Ramgarh News: पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) ने पतरातु सुपर थर्मल पावर परियोजना की यूनिट-2 (800 मेगावाट) के सफल ट्रायल संचालन के साथ एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. 11 मई को यूनिट-2 के सफल संचालन के बाद पीवीयूएनएल की कुल स्थापित क्षमता बढ़कर 1600 मेगावाट हो गई है. वहीं, इस उपलब्धि के साथ एनटीपीसी लिमिटेड समूह की कुल स्थापित क्षमता भी 90 गीगावाट के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर गई है.
झारखंड को मिलेगी 85 प्रतिशत बिजली
पीवीयूएनएल, एनटीपीसी और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) का संयुक्त उपक्रम है. इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार सेहगल ने कहा कि यूनिट-2 के चालू होने से पीवीयूएनएल झारखंड के ऊर्जा क्षेत्र में परिवर्तनकारी परियोजना के रूप में उभरा है. उन्होंने बताया कि परियोजना से उत्पादित 85 प्रतिशत बिजली झारखंड को आवंटित की गई है, जिससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी तथा औद्योगिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.
यूनिट-3 के निर्माण कार्य में तेजी
उन्होंने बताया कि परियोजना की यूनिट-1 का वाणिज्यिक संचालन 5 नवंबर 2025 को शुरू हुआ था, जबकि यूनिट-2 ने मार्च 2026 में पूर्ण भार क्षमता हासिल कर ली थी. वित्तीय वर्ष 2025-26 में पीवीयूएनएल द्वारा 2,062.90 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन किया गया. वहीं, परियोजना की यूनिट-3 का निर्माण कार्य भी तेज गति से जारी है, जिसे वित्तीय वर्ष 2026-27 में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है.
पर्यावरण अनुकूल तकनीक पर आधारित है परियोजना
उन्नत अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल तकनीक, एयर कूल्ड कंडेंसर और 100 प्रतिशत ड्राई ऐश प्रणाली पर आधारित यह परियोजना पर्यावरण अनुकूल तापीय ऊर्जा उत्पादन का उदाहरण मानी जा रही है. पीवीयूएनएल द्वारा कौशल विकास और क्षमता निर्माण के माध्यम से भविष्य के लिए तैयार कार्यबल तैयार करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है.
सभी सहयोगी संस्थाओं का जताया आभार
मुख्य कार्यकारी अधिकारी एके सहगल ने इस उपलब्धि के लिए एनटीपीसी, जेबीवीएनएल, झारखंड सरकार, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, विद्युत मंत्रालय, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल लिमिटेड (भेल) , सहयोगी संस्थाओं, श्रमिकों एवं सभी हितधारकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया
यह भी पढ़ें: रांची में हिनू की पीएचईडी कॉलोनी में जलमीनार से पानी का रिसाव, जल्द होगी मरम्मत
यह भी पढ़ें: खेल नगरी गुमला में स्थापना दिवस का जश्न: DC दिलेश्वर महतो संग ‘रन फॉर गुमला’ में दौड़े सैकड़ों युवा
