रामगढ़ में बारिश का कहर! देखते ही देखते बिगाड़ी भदानीनगर की तस्वीर

भदानीनगर में तीन दिनों की लगातार बारिश से चिकोर नदी का डायवर्सन और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित है। किसानों की फसलें भी बर्बाद हुई हैं।

भदानीनगर: पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश ने भदानीनगर क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. लगातार बारिश के कारण जहां चिकोर नदी पर बना डायवर्सन बहने के कगार पर पहुंच गया, वहीं औरियातू में करीब दो महीने पहले लाखों रुपये की लागत से बनी सड़क और गार्डवाल भी क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गयी. बारिश का असर किसानों पर भी पड़ा है और खेतों में जलजमाव के कारण हरी सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है.

बहने के कगार पर पहुंचा चिकोर नदी का डायवर्सन

लगातार बारिश के कारण चिकोर नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे नदी पर बना डायवर्सन भी तेज बहाव की चपेट में आ गया. यह डायवर्सन क्षेत्र के दर्जनों गांवों को जोड़ता है. पानी का बहाव बढ़ने के कारण डायवर्सन के बहने का खतरा उत्पन्न हो गया था.

स्थिति की जानकारी मिलने के बाद संवेदक की ओर से डायवर्सन को दुरुस्त कराया गया. हालांकि, लगातार बारिश जारी रहने के कारण ग्रामीणों में एक बार फिर इसके क्षतिग्रस्त होने की चिंता बनी हुई है.

दो महीने पहले बनी सड़क और गार्डवाल ध्वस्त

इधर, औरियातू में बारिश ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं. यहां करीब दो महीने पहले लाखों रुपये की लागत से बनायी गयी सड़क और गार्डवाल बारिश के कारण क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त हो गयी.

ग्रामीणों के अनुसार सड़क और गार्डवाल का निर्माण क्लासिक कोल कंपनी की ओर से कराया गया था. इतनी कम अवधि में सड़क और गार्डवाल के क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों ने संबंधित एजेंसी से इसकी जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है.

जलजमाव से सब्जियों की फसल प्रभावित

लगातार बारिश का असर क्षेत्र के किसानों पर भी पड़ा है. विभिन्न गांवों में खेतों में जलजमाव होने से नेनुआ, कद्दू, कोहड़ा, भिंडी, खीरा और बैंगन समेत कई हरी सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है. किसानों का कहना है कि खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से सब्जियों के पौधे खराब होने लगे हैं. इससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.

ग्रामीणों ने की जल्द मरम्मत की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से चिकोर नदी के डायवर्सन तथा औरियातू में क्षतिग्रस्त सड़क और गार्डवाल की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन प्रभावित न हो और किसी बड़े हादसे की स्थिति उत्पन्न न हो.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >