भुरकुंडा : भुरकुंडा कोलियरी की भूमिगत खदान हाथीदाड़ी व बांसगढ़ा का टिपलर बुधवार को खराब हो गया. दोनों जगहों पर टिपलर मरम्मत का काम शाम तक जारी था. टिपलर की खराबी के कारण कई घंटे खदानों से उत्पादन कार्य बाधित रहा. मिली जानकारी के अनुसार,बांसगढ़ा खदान का टिपलर सोमवार को द्वितीय पाली में टूट गया था. इसकी मरम्मत मंगलवार देर शाम को की गयी थी. यह टिपलर फिर बुधवार को खराब हो गया. हाथीदाड़ी के खराब पड़े टगर हॉलेज की मरम्मत मंगलवार शाम को करने के बाद उत्पादन शुरू किया गया था. बुधवार सुबह प्रथम पाली में इस खदान का टिपलर ब्रेकडाउन हो गया. इसके कारण दिनभर यहां पर उत्पादन कार्य बाधित रहा.
कर्मियों ने टिपलर के खराब पड़ जाने के कारण कोयले से भरी ट्रॉलियों को खाली करने का काम नहीं किया जा सका. ट्रॉलियों के खाली नहीं होने की सूरत में कोयले की निकासी प्रभावित रही. कर्मियों ने कहा कि टिपलर समेत अन्य मशीनों का समय पर मेंटेनेंस नहीं होने के कारण बार-बार इस तरह की टूट-फूट हो रही है. बार-बार खराबी के कारण खदान के कामकाज पर असर पड़ रहा है.
