महेशपुर : महेशपुर थाना क्षेत्र के कैराछत्तर गांव स्थित भौरीकोचा मंदिर के समीप मंगलवार को हल्की बारिश के दौरान अचानक ठनका गिरने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है.
करमा पूजा के लिए बना रहा था पंडाल
जानकारी के अनुसार अजय कुमार कैराछत्तर गांव स्थित भौरीकोचा मंदिर के समीप करमा पूजा को लेकर पंडाल निर्माण कार्य करने आया था. मंगलवार को वह अन्य लोगों के साथ पंडाल बनाने में जुटा था. इसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गयी. बारिश के बीच अचानक तेज आवाज के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में अजय कुमार आ गया.
इलाज के लिए अस्पताल ले गए लोग
ठनका गिरने से अजय कुमार गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही मूर्छित होकर गिर पड़ा. आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महेशपुर पहुंचाया. चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया.
अस्पताल से बाहर ले जाते समय मौत
बताया जाता है कि अस्पताल से बाहर ले जाने के क्रम में ही युवक की मौत हो गयी. घटना के बाद परिजनों और पूजा समिति के सदस्यों में मातम का माहौल है.
