पाकुड़ : खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के तीन प्रतिभावान खिलाड़ियों को मंगलवार को डीसी मेघा भारद्वाज ने साइकिलिंग किट प्रदान कर प्रोत्साहित किया. उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
इन खिलाड़ियों को मिला किट
साइकिलिंग किट पाने वाले खिलाड़ियों में पीएम श्री हरिणडांगा प्लस टू विद्यालय, पाकुड़ के कक्षा 9 के छात्र समीर अंसारी, जिला सीएमएसई राज प्लस टू विद्यालय के कक्षा 10 के छात्र राज कुमार और आदर्श बिल्टू मध्य विद्यालय के कक्षा 8 के छात्र देव रमानी शामिल हैं.
खेल प्रतिभाओं को सहयोग का भरोसा
इस अवसर पर डीसी मेघा भारद्वाज ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. उन्होंने खिलाड़ियों से अपने खेल कौशल को निरंतर निखारने तथा जिला और राज्य का नाम रोशन करने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
नियमित अभ्यास और अनुशासन पर जोर
उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने से वे अपनी प्रतिभा को और निखार सकते हैं. खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के साथ अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी गई.
जिला क्रीड़ा पदाधिकारी रहे मौजूद
मौके पर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे.
