सभी धर्म व समुदाय के लोग एक-दूसरे से मिलकर मनायें त्योहार

सभी धर्म व समुदाय के लोग एक-दूसरे से मिलकर मनायें त्योहार

लोहरदगा़ उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में दुर्गा पूजा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक नया नगर भवन लोहरदगा में हुई. इसमें उपायुक्त ने कहा कि दुर्गा पूजा धर्म का अधर्म पर, सत्य का असत्य पर और वर्तमान परिप्रेक्ष्य में सफाई की गंदगी पर जीत है. एक नागरिक को जागरूक, संवेदनशील और उत्सुक होना चाहिए यही धर्म है. लोहरदगा जिला का इतिहास गौरवशाली रहा है. हमारे देश की परंपरा गंगा-जमुना वाली रही है. इसलिए सभी धर्म व समुदाय के लोगों को त्योहार आपस में मिलकर मनाना चाहिए. सभी पर्व-त्योहार किसी धर्म या समुदाय विशेष का नहीं बल्कि सभी का है. उन्होंने कहा कि जिन अवसरों पर जिला प्रशासन की टीम मौजूद नहीं रहती, आम नागरिक ही प्रशासन के आंख, नाक व कान होते हैं. उनके द्वारा दी गयी सूचनाएं महत्वपूर्ण होती हैं. पर्व-त्योहारों में उच्चतम न्यायालय व सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य है. लाइसेंसी पंडाल में सीसीटीवी, अग्निशामक यंत्र व पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम होना चाहिए. रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक डीजे निषेध रहेगा. फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस का आवागमन सुनिश्चित करें. प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध और कूड़े का प्रबंधन डस्टबीन के माध्यम से करें. उपायुक्त ने अफवाह और गलत संदेश सोशल मीडिया पर न फैलाने की चेतावनी दी. एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है. कोई भी उन्माद फैलाने वाले पोस्ट से बचें, अन्यथा विधि-सम्मत कार्रवाई होगी. इसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर से भी की जा रही है. बैठक में विद्युत कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद प्रशासक, सिविल सर्जन, उप विकास आयुक्त, आइटीडीए परियोजना निदेशक, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सांसद प्रतिनिधि समेत अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ और शांति समिति सदस्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >