गारू से कृष्णा गुप्ता की रिपोर्ट
गारू (लातेहार). प्रखंड मुख्यालय क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने दुकानदारों के साथ बैठक की. बैठक में बाजार क्षेत्र की दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
दुकानों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखने की अपील
बैठक में थाना प्रभारी श्री शर्मा ने दुकानदारों से कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर अपनी दुकानों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखें, ताकि रात के समय अंधेरा न रहे. अंधेरे का फायदा उठाकर चोर-उच्चके दुकानों में चोरी करते हैं. उन्होंने दुकानदारों से दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में तेज रफ्तार कार ने 9 वर्षीय बच्चे को कुचला, इलाज के दौरान मौत
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने का निर्देश
थाना प्रभारी ने कहा कि सुरक्षा के लिए दुकानदारों को भी सतर्क रहना आवश्यक है. उन्होंने सभी दुकानदारों से अपराधी एवं संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि दुकानदारों और पुलिस के आपसी समन्वय से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगायी जा सकती है.
नशेड़ी युवकों पर कार्रवाई की मांग
बैठक में दुकानदारों ने कहा कि नशेड़ी किस्म के युवकों द्वारा चोरी एवं अपराध की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है. इस संबंध में दुकानदारों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस के समक्ष रखे. थाना प्रभारी ने सभी को सतर्क रहने तथा पुलिस द्वारा चोरों एवं अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया.
बैठक में कई दुकानदार रहे मौजूद
इस अवसर पर लालबहादुर प्रसाद, विनोद प्रसाद, महाबीर साव, पिंटू, कृष्णमोहन राम, बबलू प्रसाद, बसंत कुमार, दिनेश प्रसाद समेत काफी संख्या में अन्य लोग शामिल थे.
ये भी पढ़ें: शिक्षक दिवस पर शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज जपला में कर्मियों का धरना, मांगें पूरी करने की उठी आवाज
