लातेहार. जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. इसी कड़ी में उपायुक्त संदीप कुमार के विशेष दिशा-निर्देश और सतत निगरानी में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-75 (NH-75) पर बड़े पैमाने पर सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्ति अभियान चलाया जा रहा है.
कई स्थानों पर सड़क जर्जर
एनएच-75 के कई स्थानों पर सड़क जर्जर होने और गड्ढे बन जाने के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई थी. मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग पथ निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क को पूरी तरह मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया था.
ये भी पढ़ें: बेतला में AI बूट कैंप शुरू, स्थानीय युवाओं को हुनर के साथ रोजगार से जोड़ने की पहल
बिटुमिनस पैचिंग का काम तेज
उपायुक्त के निर्देश के आलोक में एनएच-75 पर चिन्हित सभी जर्जर और गड्ढायुक्त स्थानों पर बिटुमिनस पैचिंग एवं रोलिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है. सड़क किनारे जलजमाव की समस्या को रोकने के लिए नालियों की सफाई और लेवलिंग का कार्य भी साथ-साथ कराया जा रहा है. कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अभियंताओं की टीम स्थल पर मौजूद रहकर निर्माण कार्य की निगरानी कर रही है. वहीं, उपायुक्त द्वारा प्रतिदिन कार्य की प्रगति की समीक्षा की जा रही है.
ये भी पढ़ें: सरकारी स्कूलों की स्वर्ण श्रेणी में लातेहार के दो स्कूल, प्रिंसिपल जाएंगे प्रशिक्षण के लिए राजस्थान
गुणवत्ता से समझौता नहीं : उपायुक्त
उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिले के लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. एनएच-75 लातेहार की लाइफलाइन है. इसे हर हाल में गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराया जाएगा.
