लातेहारः महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सदर अस्पताल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त संदीप कुमार ने अस्पताल में जन्मी नवजात बच्चियों की माताओं को सम्मानित किया. इस दौरान माताओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान से संबंधित किट और फल उपहार स्वरूप प्रदान किए गए. साथ ही बेटियों के जन्म पर परिवारों को शुभकामनाएं दी गईं.
उपायुक्त ने नवजात बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं. उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए सभी को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का जनआंदोलन है. बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं.
उपायुक्त ने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों को समान अवसर प्रदान करें और उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं. उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति का आधार महिलाओं और बेटियों का सशक्तिकरण है. उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का उद्देश्य केवल लिंगानुपात में सुधार करना नहीं, बल्कि बेटियों को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध कराना भी है.
मौके पर उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने माताओं को नवजात शिशुओं की उचित देखभाल और पोषण संबंधी आवश्यक सुझाव दिए. कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सविता कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित कई लोग उपस्थित थे.
