लातेहार के कैमा गांव में तनाव, ग्रामीणों ने थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को बनाया बंधक

Latehar News: लातेहार के सदर थाना क्षेत्र के कैमा गांव में ड्रोन सर्वे को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया. नाराज ग्रामीणों ने थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को घंटों बंधक बना लिया. अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश जारी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

लातेहार से चंद्र प्रकाश सिंह की रिपोर्ट

Latehar News: झारखंड के लातेहार शहर में सदर थाना क्षेत्र के कैमा गांव में ड्रोन कैमरे से किए जा रहे सर्वे कार्य को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. नाराज ग्रामीणों ने सदर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा, जवान राजेश कुमार सहित कुल 8 पुलिसकर्मियों को घेरकर घंटों तक बंधक बनाकर रखा. घटना की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई. जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को गांव में भेजा गया है.

पुलिस और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी

बताया जा रहा है कि पुलिस और ग्रामीणों के बीच लगातार वार्ता का प्रयास किया जा रहा है, ताकि स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित किया जा सके. ग्रामीणों की ओर से बहादुर टाना भगत ने बताया कि पुलिस उनके कुछ व्यक्ति को हिरासत में लेकर मारपीट कर रही थी, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने पुलिस को अपने कब्जे में रखा है. वहीं इस पूरे मामले पर एसपी कुमार गौरव ने कहा कि ग्रामीणों की कुछ मांगें हैं, जिन्हें लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच बातचीत चल रही है और जल्द ही मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार करीब एक माह पहले कैमा गांव के आसपास एक कंपनी द्वारा ड्रोन कैमरे के माध्यम से जमीन का सर्वे किया जा रहा था. इसका ग्रामीणों ने विरोध किया और सर्वे के दौरान ड्रोन कैमरा छीनकर अपने पास रख लिया था. इसके बाद कंपनी के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस और कंपनी के प्रतिनिधियों ने कई बार ग्रामीणों से ड्रोन कैमरा वापस करने की अपील की, लेकिन ग्रामीणों ने कैमरा लौटाने से इनकार कर दिया.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला में नेत्र चिकित्सक को नगर पंचायत अध्यक्ष ने लगाई फटकार, इलाज के मांग रहे थे पैसे

गांव में पुलिस बल तैनात

गुरुवार को पुलिस गांव पहुंची और कुछ चिह्नित युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले जाने का प्रयास किया. इसी दौरान स्थानीय ग्रामीण उग्र हो गए और थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को घेरकर बंधक बना लिया है. बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के पास लाठी-डंडे भी मौजूद हैं. फिलहाल वरीय अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है और बातचीत के जरिए स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है.

इसे भी पढ़ें: नामकुम थाने की हाजत में आत्महत्या मामले में कार्रवाई, थाना प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मी सस्पेंड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >