लातेहार. जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली की सीबीआइ जांच कराने और शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा ने गुरुवार को समाहरणालय का घेराव किया. इससे पहले भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के बाजारटांड़ से पैदल मार्च करते हुए मेन रोड के रास्ते समाहरणालय गेट पहुंचे. यहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इस दौरान पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की भी हुई.
झारखंड में नौकरी बेची जा रही है
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में नौकरी बेची जा रही है. परीक्षा में धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और प्राथमिकी दर्ज करना गलत है. उन्होंने जेएसएससी और जेपीएससी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ी की सीबीआइ जांच कराने की मांग की, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके. दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार छोटे लोगों को जेल भेज रही है, जबकि बड़े लोगों को बचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है और राज्य सरकार कोयला, लोहा और बालू की चोरी में लगी है.
छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज करना गलत
पूर्व विधायक हरिकृष्ण सिंह ने कहा कि झारखंड में परीक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है. वर्षों से तैयारी कर रहे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. शांतिपूर्ण आंदोलन करने वाले छात्रों पर प्राथमिकी दर्ज करना गलत है. कार्यक्रम को जिला प्रभारी मुनीर उरांव, गढ़वा जिला प्रभारी पंकज सिंह, लालू यादव, राजधानी यादव समेत कई नेताओं ने संबोधित किया. संचालन महामंत्री छोटू राजा ने किया.
ये भी पढ़ें: भर्ती सुधार यात्रा पहुंची चंदवा, देवेंद्र महतो बोले - युवाओं के अधिकार और भविष्य को सुरक्षित करना लक्ष्य
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल तैनात
धरना और प्रदर्शन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओ दिनेश कुमार, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता और सीओ नंदकुमार राम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे.मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, जिला परिषद सदस्य सरोज देवी, नगर अध्यक्ष महेश सिंह, पवन कुमार, पिंटू रजक, रितेश कुमार उर्फ निक्कू, पंकज यादव, गोविंद प्रसाद, विष्णु गुप्ता, सुभाष सिंह और सागर कुमार समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
