बेतला (लातेहार). पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) प्रबंधन के कोर एरिया की ओर से स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ‘हुनर से रोजगार 2.0’ योजना के तहत बेतला आजीविका केंद्र में एआई बूट कैंप के प्रथम बैच की शुरुआत की गयी.
स्थानीय युवाओं को घर के पास रोजगार देने का प्रयास
कार्यक्रम में पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर प्रदेश कांत जेना ने कहा कि जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण के साथ स्थानीय समुदायों का विकास भी प्रबंधन की प्राथमिकता है. ‘हुनर से रोजगार’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को उनके घर के आसपास ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े.
ये भी पढ़ें: बेतला-नेतरहाट को पर्यटन हब बनाने का सपना अधूरा, मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर
डिजिटल मार्केट से जुड़ेंगे युवा
उन्होंने कहा कि एआई बूट कैंप युवाओं को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ डिजिटल मार्केट से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा. यह शॉर्ट टर्म प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से ग्रामीण और आदिवासी युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की मिलेगी जानकारी
प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी जानकारी के साथ कंप्यूटर कोडिंग, डेटा एंट्री और विभिन्न एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जा रही है. मौके पर कोर एरिया के वन अधिकारी और आजीविका केंद्र के प्रशिक्षक मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: लातेहार में बिजली कार्यालय के पास मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
