जयनगर: प्रखंड क्षेत्र के मुसौवा गांव के हरिजन टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में शनिवार की रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों ने केंद्र के भवन के कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे अंदर रखे सामान को भी नुकसान पहुंचा. हाथी रसोईघर में घुस गये और वहां रखा चावल खा लिया. साथ ही अन्य खाद्य सामग्री व बर्तनों को भी इधर-उधर बिखेर दिया.
सुबह सेविका और ग्रामीण जब केंद्र पहुंचे, तो क्षतिग्रस्त भवन देखकर हैरान रह गये. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही से जान-माल का खतरा बना हुआ है. उन्होंने वन विभाग से क्षति का आकलन कर मुआवजा देने, हाथियों को आबादी से दूर रखने तथा नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है. ग्रामीणों ने कहा कि इससे बच्चों की शिक्षा और पोषण संबंधी गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं.
