धालभूमगढ़. धालभूमगढ़ प्रखंड के गोगलो गांव में लगातार बारिश से कमजोर हुई कच्ची दीवार ढह गयी. इसके मलबे में दबकर चौथी कक्षा की बच्ची की मौत हो गयी. मृतका की पहचान गोगलो निवासी विशेश्वर कैवर्त की पुत्री जमुना कैवर्त (लगभग 9 वर्ष) के रूप में हुई. वह गांव के विद्यालय में पढ़ती थी. घटना से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना बुधवार शाम की है.
जानकारी के अनुसार, जमुना कैवर्त अपने घर के बाहर दीवार के पास बैठी थी. पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण मिट्टी की दीवार पूरी तरह कमजोर हो चुकी थी. अचानक दीवार भरभराकर बच्ची के ऊपर गिर गयी. इससे अफरा-तफरी मच गयी. चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजनों और ग्रामीणों ने भारी मशक्कत के बाद बच्ची को मलबे से बाहर निकाला. परिजन आनन-फानन में उसे लेकर घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. पुलिस को घटना की सूचना दी. हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान बुधवार की रात बच्ची ने दम तोड़ दिया.
