Jamshedpur: जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के सतत और अथक प्रयासों से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई. राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18477/18478) के ठहराव को रेल मंत्रालय से स्वीकृति मिल गई है. इस फैसले से जादूगोड़ा, राखा, कुलडीहा, नरवा, आसनबनी समेत सैकड़ों गांवों और शहरी क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी. ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सांसद विद्युत वरण महतो के प्रति आभार जताया है और उन्हें शीघ्र सम्मानित करने की बात कही है. लोगों का कहना है कि इस ठहराव से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और तीर्थ यात्राओं के लिए आवागमन काफी सुगम होगा.
क्या कहा सांसद ने
इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह मांग लंबे समय से चली आ रही थी और वे करीब सात वर्षों से लगातार इसके लिए प्रयासरत थे. उन्होंने कहा आज स्वीकृति मिलना क्षेत्र की जनता की जीत है. इसके लिए मैं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे के जीएम और खड़गपुर डीआरएम का धन्यवाद करता हूं, जिनके सहयोग से यह संभव हो पाया.
भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों के बयान
भाजपा जिला उपाध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह ने कहा कि सांसद विद्युत वरण महतो ने हमेशा जमीनी मुद्दों को प्राथमिकता दी है. राखा माइंस स्टेशन पर उत्कल एक्सप्रेस का ठहराव आम जनता के लिए बड़ा उपहार है. यह उनके निरंतर प्रयास और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है. भाजपा जिला मंत्री रोहित सिंह परमार ने कहा कि यह निर्णय पूरे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा. सांसद जी ने रेल मंत्रालय से लगातार समन्वय कर जनता की आवाज को मजबूती से रखा, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने है. उत्तरी इचरा पंचायत समिति सदस्य दीपाली मंडल ने कहा कि महिलाओं, विद्यार्थियों और बुजुर्गों के लिए यह सुविधा अत्यंत लाभकारी होगी. सांसद जी का यह कार्य क्षेत्र की जनता के जीवन को आसान बनाएगा. हम सभी उनका आभार व्यक्त करते हैं.
उत्कल मेल के ठहराव को लेकर 1996 में बनी थी समिति
1996 मे संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले प्रतिनिधिमंडल ने तत्कालीन डीआरएम खड़गपुर से उनके कार्यालय में जाकर मुलाकात की थी और लिखित ज्ञापन सौंपा था. इतना ही नहीं, राखा माइंस स्टेशन परिसर में धरना-प्रदर्शन कर रेल प्रशासन का ध्यान इस जनहित मुद्दे की ओर आकृष्ट किया गया था. उस संघर्ष में अनिल अग्रवाल, समिति के महासचिव मनोज प्रताप सिंह का सहयोग उल्लेखनीय रहा, जिन्होंने लगातार इस मांग को जनमानस तक पहुंचाया. आज वही पुरानी और जायज मांग पूरी होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों का मानना है कि उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव से न केवल यात्रा सुविधा बढ़ेगी, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी.
ये भी पढ़ें…
Air Ambulance Crash: 8 लाख रुपये उधार लेकर ईलाज कराने गए थे संजय, घर लौटा शव
Air Ambulance Crash: रात भर हादसे वाली जगह जमे रहे डीसी-एसपी, DGCA जुटा रहा सबूत
