हजारीबाग. हजारीबाग पुलिस ने जिलेभर में मनचले और अड्डेबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ विशेष छापामारी अभियान चलाया. अभियान के दौरान पुलिस ने 117 स्थानों पर छापेमारी कर 50 युवकों को पकड़ा और उन्हें संबंधित थानों में ले गयी. बाद में पकड़े गये युवकों के परिजनों को थाना बुलाकर पीआर बॉन्ड भरवाया गया, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया.
सुनसान जगहों पर अड्डेबाजी करने वालों पर होगी कार्रवाई
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने कहा कि रात के समय सुनसान जगहों, खंडहर मकानों और बंद पड़े भवनों में अड्डेबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि अड्डेबाजी करने वाले अधिकतर युवक नशे की गिरफ्त में होते हैं. पुलिस का प्रयास है कि ऐसे युवकों को नशे की लत से बाहर निकालने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाये.
महिलाओं और युवतियों से अभद्र व्यवहार करने वालों पर नजर
एसपी ने कहा कि मनचले युवक राह चलती युवतियों और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़खानी करते हैं. ऐसे युवकों को चिन्हित कर अभियान के तहत पकड़ने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश पुलिस पदाधिकारियों को दिया गया है.
49 टीमों में शामिल थे 194 पुलिसकर्मी
अभियान के लिए 49 पुलिस टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों में 194 पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल के जवान शामिल थे. मुफ्फसिल, सदर, कोर्रा, लोहसिंघना, पेलावल, कटकमसांडी, कटकमदाग, बड़कागांव, केरेडारी, चरही, गिद्दी, विष्णुगढ़, टाटीझरिया, दारू, बरकट्ठा, गोरहर, बरही, चौपारण, पदमा समेत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में छापामारी अभियान चलाया गया.
