बरकट्ठा से मो. रियाज की रिपोर्ट
बरकट्ठा: हजारीबाग जिले के बरकट्ठा में मंगलवार को जीटी रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. बरकट्ठा अस्पताल के समीप टेंपो और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में मां-बेटी की मौत हो गयी, जबकि 11 लोग घायल हो गये. हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ.
जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या JH10AK-5258 बगोदर से सवारी लेकर बरकट्ठा की ओर आ रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक संख्या WB23N-8254 ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद टेंपो अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी.
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में विष्णुगढ़ निवासी क्रांति देवी (26), उनकी पुत्री सृष्टि कुमारी (4), निधि कुमारी (2), अर्जुन रवानी (60), सूरजकुंड नावाडीह बरकट्ठा निवासी चिंता देवी (50), यशोदा देवी (50), धरगुल्ली बगोदर निवासी आरती देवी (26), उनकी पुत्री सिमरन कुमारी (6), पुत्र शिवम कुमार (8), खेतको बगोदर निवासी दिनेश ठाकुर (24), प्रीति रानी (20), मासीपीढ़ी बरकट्ठा निवासी तारा देवी (45) और वृंदा सरिया निवासी लखिया देवी (65) घायल हुए.
सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरकट्ठा में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद आरती देवी, उनकी पुत्री सिमरन कुमारी, यशोदा देवी, सृष्टि कुमारी, निधि कुमारी, क्रांति देवी, दिनेश ठाकुर, तारा देवी, लखिया देवी और प्रीति रानी को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया.
यह भी पढें: गणतंत्र दिवस परेड में जाने का मौका, VBU में NSS के प्रतिभागियों का चयन शिविर, 8 सितंबर से राज्य स्तरीय कैंप
इलाज के दौरान मां-बेटी की मौत
हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान धरगुल्ली निवासी आरती देवी और उनकी छह वर्षीय पुत्री सिमरन कुमारी की मौत हो गयी. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है.
ट्रक जब्त, चालक पर नशे में होने का आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद बरकट्ठा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर थाना ले गयी. पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आयी है. मामले की जांच की जा रही है.
