महागामा प्रखंड के विश्वासखानी पंचायत स्थित कुशवाहा टोला में एक साल से खराब पड़े सोलर जलमीनार ने ग्रामीणों की जिंदगी कठिन कर दी है. भीषण गर्मी में पानी के लिए जूझ रहे लोग अब सिस्टम की उदासीनता पर सवाल उठाने लगे हैं. पहले यह जलमीनार टोला के लोगों के लिए राहत का साधन था. घर के पास ही स्वच्छ पानी मिलने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत थी. लेकिन पिछले एक वर्ष से यह जलमीनार बंद पड़ा है और इसे ठीक कराने के लिए अब तक कोई पहल नहीं की गयी है. गर्मी बढ़ने के साथ ही स्थिति और बिगड़ गयी है. गांव के कई चापाकल खराब हो चुके हैं, जिससे लोगों को दूसरे के घरों पर निर्भर होना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि जलमीनार खराब होने से केवल कुशवाहा टोला ही नहीं, बल्कि आसपास के टोला भी प्रभावित हैं. पहले जहां आसानी से पानी मिलता था, अब हर दिन पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. ग्रामीण राकेश सिंह, दिलीप सिंह, न्यूटन सिंह, प्रताप सिंह, अरविंद मंडल, विकास सिंह और गुलाबी मंडल ने बताया कि कई बार पंचायत प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गयी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश के बीच सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कब तक एक साल से बंद पड़े जलमीनार की सुध ली जाएगी, या फिर लोग यूं ही पानी के लिए तरसते रहेंगे.
एक साल से खराब सोलर जलमीनार ने बढ़ायी ग्रामीणों की मुश्किलें
कुशवाहा टोला के लोग भीषण गर्मी में पानी के लिए परेशान
