हनवारा से फिरोज आलम की रिपोर्ट
Godda News: गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड के ग्राम पंचायत कोयला स्थित कोयला-परसा मुख्य सड़क पर लंबे समय से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है. महागामा प्रखंड के ग्राम पंचायत कोयला में जलजमाव की समस्या को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन की ओर से मामले को लेकर कार्रवाई की गई है. ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के निर्देश पर कोयला-परसा मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्तावित नाले का निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के दौरान ये लोग रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी विभाग के कार्यपालक अभियंता, महागामा अंचलाधिकारी और कांग्रेस जिला अध्यक्ष यहिया सिद्दीकी मौजूद रहे. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने स्थल का जायजा लेकर ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी.
नाला नहीं होने से हर साल होती है परेशानी
सड़क के दोनों किनारों पर नाला नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. नाला निर्माण नहीं होने के कारण इस मुख्य रास्ते ने अब एक गंदे तालाब का रूप ले लिया है. इससे आवागमन बाधित होता है और स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. दूषित पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है. समस्या का कोई समाधान न निकलता देख ग्रामीणों ने अपनी स्थानीय विधायक और राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से तत्काल हस्तक्षेप की मांग थी.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में सरस्वतिया नदी पुनर्जीवन मुहिम को मिला नया बल, मेदिनीनगर से बढ़े सहयोग के हाथ
ये भी पढ़ें: ई-वेस्ट पर झारखंड हाइकोर्ट सख्त: राज्य सरकार से मांगा जवाब, 2 जुलाई को अगली सुनवाई
