प्रतिनिधि गढ़वा
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार को शहर के लगभग एक दर्जन होटल और रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया. उनके साथ पलामू क्षेत्र के इंडियन ऑयल के एरिया सेल्स मैनेजर जागेश्वर महतो भी मौजूद थे. निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में एलपीजी गैस सिलिंडरों का उपयोग और सुरक्षा मानकों की जांच की गयी. केसरी रोल्स और कृष्ण हरि जैसी रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया. वहीं विद्या स्वीट्स में कमर्शियल सिलेंडर का अनधिकृत प्रयोग हो रहा था. संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस भेजा गया. एसडीएम ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का उपयोग करें और पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध रखें. उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों का उल्लंघन है, इससे घरेलू गैस की आपूर्ति प्रभावित होती है और सुरक्षा खतरे भी बढ़ते हैं. एसडीएम संजय कुमार और इंडियन ऑयल के एरिया सेल्स मैनेजर जागेश्वर महतो ने बताया कि गढ़वा शहर में कमर्शियल सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है. किसी भी प्रतिष्ठान को कितने भी सिलेंडर चाहिए, तुरंत उपलब्ध हो जाएंगे. इसके लिए केवल संबंधित गैस एजेंसी में आवेदन करना होगा. नया कनेक्शन ऑन स्पॉट भी उपलब्ध है. एसडीएम ने कहा कि नागरिक सुरक्षा और नियमों के अनुपालन के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे.
