भवनाथपुर (गढ़वा): भवनाथपुर थाना में नव पदस्थापित थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी के सामने थाना क्षेत्र में दर्ज लंबित चोरी के मामलों का उद्भेदन करना बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है. पिछले करीब तीन माह के दौरान थाना क्षेत्र में छोटी-बड़ी चोरी की कई घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है. इन मामलों में अब तक अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ऐसे में नए थाना प्रभारी के पदभार संभालने के बाद लोगों को लंबित मामलों के जल्द खुलासे की उम्मीद जगी है.
कई चोरी की घटनाओं का अब तक नहीं हुआ खुलासा
थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की बात करें, तो टाउनशिप स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज से लाखों रुपये की बैटरी चोरी, टाउनशिप सेल के ट्रांसफार्मर से लाखों रुपए के कीमती सामान की चोरी, बनसानी निवासी आलोक शर्मा के घर से सामान की चोरी, बगही स्थित दुकान में चोरी और कैलान निवासी उपेंद्र यादव की दुकान से करीब 50 हजार रुपए के सामान की चोरी के मामले शामिल हैं. इसके अलावा मकरी गांव के बरवाबांध निवासी अशर्फी बैठा के घर हुई चोरी सहित कई अन्य मामलों का भी उल्लेख किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- राजकीय सम्मान के साथ विमला प्रधान को अंतिम विदाई, डीसी-एसपी समेत जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
कैलान जंगल में हथियारबंद लोगों की मौजूदगी से भी बढ़ी चिंता
इधर, कैलान जंगल में करीब एक सप्ताह पूर्व 25 से 30 की संख्या में हथियारबंद लोगों के देखे जाने की बात भी सामने आई थी. ये लोग कौन थे और उनका उद्देश्य क्या था, इसका अब तक पता नहीं चल सका है. इस घटना को लेकर भी क्षेत्र के लोगों में असमंजस और भय का माहौल बना हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं का लगातार होना और मामलों का समय पर खुलासा नहीं होने से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है. लोगों को उम्मीद है कि नये थाना प्रभारी लंबित मामलों की समीक्षा कर चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए प्रभावी कार्रवाई करेंगे.
पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी नजर
थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी के पदभार संभालने के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी है. लोगों को उम्मीद है कि पूर्व में दर्ज चोरी के मामलों की जांच में तेजी आएगी और लंबित मामलों का जल्द उद्भेदन होगा. साथ ही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस के प्रति जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए आपराधिक घटनाओं का त्वरित अनुसंधान और दोषियों की गिरफ्तारी जरूरी है. अब लोगों की उम्मीद नए थाना प्रभारी से जुड़ी है कि वे लंबित मामलों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए चोरी की घटनाओं के उद्भेदन की दिशा में प्रभावी कदम उठाएंगे.
ये भी पढ़ें- बेंगलुरु में काम करने गए मजदूर घनश्याम की मौत, अस्पताल ने थमाया 1 लाख का बिल
