मुसाबनी. मुसाबनी स्थित डीवीसी के विद्युत स्टेशन में रख-रखाव कार्य के कारण मंगलवार को सुरदा माइंस समेत विभिन्न क्षेत्रों में करीब सात घंटे (10 बजे से शाम पांच बजे तक) बिजली आपूर्ति बाधित रही. डीवीसी के मेंटेनेंस कार्य के कारण एचसीएल की सुरदा खदान में सुबह व दोपहर की पाली में काम ठप रहा. सुरदा माइंस का संचालन करने वाली ठेका कंपनी आरके अर्थ प्राइवेट लिमिटेड ने नोटिस लगाकर ठेका मजदूरों को सूचित किया था. इस सूचना के बाद मंगलवार को सुरदा माइंस में सुबह व दोपहर की पाली में मजदूर काम पर नहीं आये. शाम को मेंटेनेंस का कार्य पूरा होने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हुई. सुरदा माइंस में रात्रि की पाली में काम शुरू हुआ. डीवीसी के मेंटेनेंस कार्य के कारण मुसाबनी टाउनशिप सहित मऊभंडार, डुमरिया, सुरदा, अमाईनगर, घाटशिला समेत कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रही.
बहरागोड़ा व जगन्नाथपुर फीडर से आज चार घंटे बिजली बाधित रहेगी
बहरागोड़ा के जगन्नाथपुर व बहरागोड़ा 33/11 केवी फीडर से बुधवार को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी. उक्त जानकारी बिजली वितरण निगम के एसडीओ अमीर हमजा ने दी. उन्होंने बताया कि जगन्नाथपुर 33 केवी से खंडामौदा, कुमारडूबी, दारिसोल, घासपदा फीडर व बहरागोड़ा के पिताजुड़ी 11 केवी फीडर से केरुकोचा, मोहली, केसरदा में विद्युत आपूर्ति चार घंटे (सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक) बाधित रहेगी. इस दौरान 11 केवी लाइन की मरम्मत व पेड़ों की छंटाई का काम किया जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
