East Singhbhum News : बहरागोड़ा बैंक लूटकांड के 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ

एसडीपीओ ने दूसरे दिन भी बैंक में जाकर जांच की तकनीकी सेल व बंगाल पुलिस की मदद ले रहे

बहरागोड़ा . बहरागोड़ा के साकरा चौक स्थित केनरा बैंक में हुई दुस्साहसिक लूट के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. हालांकि, पुलिस की विशेष टीमें सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर (कॉल रिकार्ड) खंगालने में जुटी हैं. बैंक शाखा प्रबंधक लालजी राव की लिखित शिकायत के अनुसार, नकाबपोश अपराधियों ने बैंक से लगभग 13 लाख रुपये की लूट की है. बहरागोड़ा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है. बुधवार को घाटशिला एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर, बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा और बरसोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने दोबारा बैंक पहुंचकर छानबीन की. एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों को डिटेक्ट करने के लिए तकनीकी सेल की मदद ली जा रही है और बंगाल पुलिस से भी संपर्क साधा गया है. उन्होंने जल्द ही मामले के खुलासे का आश्वासन दिया है. दूसरी ओर, साकरा गांव में घटना के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ऐसी वारदात पहले कभी नहीं हुई. लोग दहशत में हैं. पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

सीमा का फायदा उठा बंगाल में भागे अपराधी

सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह नकाबपोश अपराधी दोपहर करीब 1:45 बजे बैंक पहुंचे थे. प्रत्यक्षदर्शियों और बैंक कर्मियों के अनुसार, लुटेरे आपस में बांग्ला भाषा में बात कर रहे थे. घटना को अंजाम देने के बाद वे साकरा चौक होते हुए पश्चिम बंगाल की सीमा में दाखिल हो गये. भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर अपराधी आसानी से पड़ोसी राज्य की ओर फरार होने में सफल रहे. अपराधियों ने न केवल बैंक के कैश काउंटर से नकदी लूटी, बल्कि सहायक प्रबंधक के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली. लूट के दौरान बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद खाताधारकों को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया था.

बैंक में ठप रहा कामकाज, गांव में दहशत

अपराधियों ने भागने से पहले बैंक के राउटर बॉक्स के तार काट दिये थे, जिसके कारण बुधवार को बैंक का कामकाज पूरी तरह ठप रहा. रांची से आये टेक्नीशियनों ने नया राउटर लगाया, तब जाकर व्यवस्था बहाल हो सकी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Atul pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >