धनबाद. भारतीय डाक विभाग ने स्पीड पोस्ट पार्सल की दरों में संशोधन किया है. नये टैरिफ के तहत पार्सल का शुल्क उसके वजन और गंतव्य के आधार पर निर्धारित किया गया है. संशोधित दरों के अनुसार 500 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट पार्सल के लिए स्थानीय स्तर पर 28 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं, राज्य के भीतर भेजे जाने वाले पार्सल पर 76 रुपये, जोन अथवा मेट्रो शहरों के लिए 82 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 90 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. इन सभी दरों पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अलग से देय होगा.
डाक विभाग के अनुसार, नयी दरें व्यक्तिगत ग्राहकों और नियमित पार्सल भेजने वाले उपभोक्ताओं दोनों पर लागू होंगी. वजन बढ़ने के साथ शुल्क में भी वृद्धि होगी.
ये भी पढ़ें: अब डिजिटल हस्ताक्षर से ही होंगे अधिकांश वित्तीय काम, विभागों को मेकर-चेकर बनाने का निर्देश
पांच किलो तक वजन के लिए निर्धारित की गयी अलग-अलग दरें
संशोधित टैरिफ के अनुसार 501 से 1000 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट पार्सल के लिए स्थानीय शुल्क 48 रुपये रखा गया है. राज्य के भीतर इसके लिए 101 रुपये, जोन अथवा मेट्रो क्षेत्र के लिए 137 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 143 रुपये शुल्क निर्धारित है.
इसी प्रकार 1001 से 1500 ग्राम तक के पार्सल पर स्थानीय स्तर पर 60 रुपये, राज्य के भीतर 130 रुपये, जोन अथवा मेट्रो क्षेत्र के लिए 182 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 228 रुपये शुल्क लगेगा. 1501 से 2000 ग्राम तक के पार्सल के लिए यह शुल्क क्रमश: 87, 178, 254 और 319 रुपये निर्धारित किया गया है.
दो से पांच किलो तक के पार्सल पर बढ़ेगा शुल्क
डाक विभाग द्वारा जारी दर सूची के अनुसार 2001 से 3000 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट पार्सल के लिए स्थानीय शुल्क 116 रुपये होगा. राज्य के भीतर इसके लिए 243 रुपये, जोन अथवा मेट्रो शहरों के लिए 355 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 450 रुपये देने होंगे.
3001 से 4000 ग्राम तक के पार्सल पर क्रमश: 145, 298, 441 और 560 रुपये शुल्क निर्धारित है. वहीं, 4001 से 5000 ग्राम तक के पार्सल के लिए स्थानीय स्तर पर 174 रुपये, राज्य के भीतर 361 रुपये, जोन अथवा मेट्रो क्षेत्र के लिए 539 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 686 रुपये शुल्क देना होगा.
पांच किलो से अधिक वजन पर अतिरिक्त शुल्क
पांच किलो से अधिक वजन वाले स्पीड पोस्ट पार्सल के लिए अतिरिक्त शुल्क का भी प्रावधान किया गया है. विभाग के अनुसार प्रत्येक अतिरिक्त एक किलोग्राम वजन पर स्थानीय क्षेत्र में 35 रुपये, राज्य के भीतर 60 रुपये, जोन अथवा मेट्रो क्षेत्र में 95 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 120 रुपये अतिरिक्त शुल्क लिया जायेगा. यह शुल्क मूल दर के अतिरिक्त होगा.
अनुबंधित ग्राहकों के लिए अलग टैरिफ
भारतीय डाक ने अनुबंधित ग्राहकों के लिए अलग दरें निर्धारित की हैं. 500 ग्राम तक के स्पीड पोस्ट पार्सल पर स्थानीय स्तर पर 28 रुपये, राज्य के भीतर 36 रुपये, जोन अथवा मेट्रो क्षेत्र में 40 रुपये और दूसरे राज्यों के लिए 47 रुपये शुल्क तय किया गया है.
इसी प्रकार 501 से 1000 ग्राम तक के लिए 31, 49, 65 और 71 रुपये, 1001 से 1500 ग्राम तक के लिए 36, 64, 110 और 150 रुपये तथा 1501 से 2000 ग्राम तक के लिए 45, 89, 140 और 190 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. 2001 से 3000 ग्राम, 3001 से 4000 ग्राम और 4001 से 5000 ग्राम तक के पार्सल के लिए भी अलग-अलग रियायती दरें लागू की गयी हैं.
डाक विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी श्रेणियों की दरों पर लागू जीएसटी अलग से लिया जायेगा. नयी दरों का उद्देश्य वजन और दूरी के आधार पर शुल्क संरचना को अधिक व्यवस्थित बनाना है.
ये भी पढ़ें: धनबाद में देर रात मीट दुकान में घुसे हथियारबंद बदमाश, CCTV में कैद हुई ढाई लाख की दुस्साहसिक वारदात
