हंटरगंज. भाकपा (मार्क्सवादी) ने विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया. इससे पहले पानी टंकी से विशाल रैली निकाली गयी, जो बाजार भ्रमण करती हुई प्रखंड कार्यालय पहुंची. प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार, वन विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मंत्री राजकुमार यादव ने की. संचालन जिला किसान काउंसिल के रामदेव सिंह ने किया. मुख्य अतिथि केंद्रीय नेता विक्रम सेन व राज्य सचिव प्रकाश बिपलब ने कहा कि मजदूरों, किसानों और गरीबों की स्थिति लगातार खराब हो रही है तथा लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं. उन्होंने सरकार पर किसानों से किये वादे पूरा नहीं करने, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया. प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन बीडीओ को सौंपा गया. मांगों में जंगल में बसे भूमिहीनों को पट्टा देने, वन विभाग द्वारा घर तोड़ना बंद करने, झूठे मुकदमे वापस लेने तथा ऑनलाइन रसीद सुधार में भ्रष्टाचार रोकने की मांग शामिल थीं. मौके पर सदस्य राजेश दास, असीम सरकार, कुलेश्वर भुईयां, लोहड़ी यादव व असगर अली के अलावा काफी संख्या में किसान महिलाएं मजदूर नौजवान शामिल थे.
विभिन्न मांगो को लेकर विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन से पूर्व रैली निकाली गयी
