टंडवा. प्रखंड सह अंचल सभागार में रविवार को विशेष कानूनी सशक्तीकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन बीडीओ देवलाल उरांव और विधिक सेवा प्राधिकार से जुड़े अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. शिविर में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं के तहत 11,642 लाभुकों को लाभान्वित किया गया.
जेएसएलपीएस के 94 समूहों को मिली 1.82 करोड़ की परिसंपत्ति
जेएसएलपीएस से जुड़े 94 सहायता समूहों के बीच एक करोड़ 82 लाख रुपये की परिसंपत्ति वितरित की गयी. वहीं बैंक ऑफ इंडिया और एसबीआइ की ओर से 8.25 लाख रुपये की परिसंपत्ति बांटी गयी.
शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बीडीओ देवलाल उरांव ने सरकार की ओर से संचालित कानूनी सहायता और विधिक क्षेत्र से संबंधित लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी.
1,375 लाभुकों को मिला पीडीएस का लाभ
बाल विकास परियोजना की ओर से छह माह के बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया. गर्भवती महिलाओं की गोद भराई भी हुई. जन वितरण प्रणाली के तहत 1,375 लाभुकों को लाभ दिया गया.
सेवा का अधिकार के तहत 172 आवेदकों को जन्म, मृत्यु और आचरण प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया गया. अंचल कार्यालय की ओर से 3,666 आवेदकों के प्रमाण पत्र निर्गत किये गये.
151 को जॉब कार्ड, 2,500 पशुओं के लिए दवा वितरित
मनरेगा के तहत 151 लाभुकों को जॉब कार्ड दिये गये. पशुपालन विभाग के पास 328 आवेदकों ने पशुपालन से संबंधित आवेदन जमा किये. वहीं 2,500 पशुओं के लिए दवा वितरित की गयी.
शिविर में एमओ सुजीत कुमार, जलसहिया सुनीता बक्शी, रेखा देवी, ललिता देवी, आंगनबाड़ी सेविकाएं समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे.
