हंटरगंज. उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त विजय गुप्ता और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला रविवार को सपरिवार कौलेश्वरी पहाड़ पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. कौलेश्वरी प्रबंधन समिति की ओर से दोनों अधिकारियों का बुके देकर स्वागत किया गया.
बिजली-पेयजल व्यवस्था का लिया जायजा
पूजा-अर्चना के बाद आयुक्त विजय गुप्ता ने कौलेश्वरी पर्वत पर स्थित तालाब, भैरो बाबा मंदिर, नवनिर्मित गेस्ट हाउस, बिजली और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने उपायुक्त से फोन पर बात कर कौलेश्वरी पर्वत पर अविलंब बिजली और पेयजल आपूर्ति शुरू कराने का निर्देश दिया.
आयुक्त ने कहा कि कौलेश्वरी को इटखोरी, रजरप्पा और रांची के खुट्टी स्थित दवड़ी मंदिर के साथ जोड़कर एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जा सकता है. इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की संभावना है.
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी जहूर आलम, अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार, कौलेश्वरी प्रबंधन समिति के सदस्य कौशलेन्द्र कुमार सिंह, अमरेंद्र केसरी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वेद प्रकाश समेत कई लोग उपस्थित थे.
