सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

परिवार में मचा कोहराम

– परिवार में मचा कोहराम जदिया. रानीगंज-जदिया एनएच 327ई पथ पर एक सप्ताह पूर्व हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह मौत हो गई. युवक नेपाल स्थित न्यूरो हॉस्पिटल में जिंदगी से जूझ रहा था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया तथा गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. मृत युवक की पहचान जदिया पंचायत के वार्ड संख्या-08 (ड्राइवर चौक) निवासी मो सरफराज आलम के 18 वर्षीय पुत्र मो इजहार आलम के रूप में हुई है. बताया जाता है कि बीते 18 मई की दोपहर इजहार किसी निजी कार्य से जदिया बाजार आया था. काम समाप्त कर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान जदिया स्थित हीरो शोरूम के समीप रानीगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कार्गो ट्रक ने उसकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद युवक ट्रक के नीचे फंस गया था और चालक उसे करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया था. घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को बाहर निकालकर डायल 112 की टीम द्वारा अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया गया था. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया था. बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे नेपाल स्थित न्यूरो हॉस्पिटल लेकर गए थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev kumar jha

राजीव कुमार झा प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 02 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर ब्यूरोचीफ के पद पर सुपौल में काम कर रहे हैं. शिक्षा, कला-संस्कृति, सामाजिक कार्य व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >