निर्माणाधीन पीसीसी सड़क में अनियमितता बरतने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद मजदूरों द्वारा निर्माण स्थल से लोकल बालू हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई

राघोपुर.

प्रखंड क्षेत्र के रामविशनपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 2 में निर्माणाधीन पीसीसी सड़क को लेकर ग्रामीणों ने अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है. जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है.

निर्माण स्थल पर अब तक योजना से संबंधित नहीं लगाया गया सूचना पट्ट

ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे पत्रकारों को स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त सड़क निर्माण कार्य प्रखंड प्रमुख मो फिदा हुसैन की अनुशंसा से कराया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ हो चुका है. ईंट सोलिंग का कार्य पूरा होने के बाद वर्तमान में पीसीसी ढलाई का काम किया जा रहा है. हालांकि निर्माण स्थल पर अब तक योजना से संबंधित सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है, जिसके कारण योजना की लागत, प्राक्कलन, अवधि और तकनीकी विवरण जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां सार्वजनिक नहीं हो सकी है.

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है. उनका कहना है कि पीसीसी ढलाई में लोकल बालू का प्रयोग किया गया है. जो निर्माण गुणवत्ता के लिए उपयुक्त नहीं माना जाता. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि इसी प्रकार घटिया सामग्री का उपयोग जारी रहा तो सड़क पहली ही बरसात में क्षतिग्रस्त हो सकती है.

मामले को लेकर ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर विरोध प्रदर्शन भी किया. विरोध के दौरान कार्यस्थल पर मौजूद कार्य के अभिकर्ता सह पंचायत सचिव शंभु पासवान से ग्रामीणों ने जवाब तलब किया. ग्रामीणों के भारी विरोध के बाद मजदूरों द्वारा निर्माण स्थल से लोकल बालू हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.

इस संबंध में पूछे जाने पर पंचायत सचिव एवं कार्य के अभिकर्ता शंभु पासवान ने स्वीकार किया कि कार्य के प्रारंभिक चरण में कुछ मात्रा में लोकल बालू का उपयोग किया गया था. उन्होंने कहा कि अब संबंधित कर्मियों और मजदूरों को लोकल बालू का प्रयोग नहीं करने का निर्देश दे दिया गया है. आगे निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का ही उपयोग किया जाएगा.

कहीं दो इंच तो कहीं चार इंच की हो रही ढलाई

ग्रामीणों ने इस दौरान पीसीसी ढलाई की मोटाई का भी जांच किया. जहां ग्रामीणों ने पाया कि कहीं दो इंच तो कहीं चार इंच का ही ढलाई हो रहा है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि सरकारी राशि से बनने वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए, ताकि आम लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके. मामले में जेई काली चरण ने बताया कि वे बाहर हैं, वे अपने स्तर से पता करते हैं. अगर कार्य गलत हो रहा है तो उसे बंद करवा दिया जाएगा. इस संबंध में बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि उन्हें फिलहाल जानकारी नहीं है, वे अपने स्तर से इसका पता करवाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >