सुपौल में प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह में उमस और धूप को मात देकर पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राएं

उमस भरी गर्मी, तेज धूप और पसीने से तरबतर कर देने वाले मौसम के बावजूद मंगलवार को सुपौल नगर भवन (टाउन हॉल) में आयोजित प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह के प्रति सबों में उत्साह दिखा.

सम्मान पाकर चेहरे पर झलकी सफलता की मुस्कान

सुपौल. उमस भरी गर्मी, तेज धूप और पसीने से तरबतर कर देने वाले मौसम के बावजूद मंगलवार को सुपौल नगर भवन (टाउन हॉल) में आयोजित प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह के प्रति सबों में उत्साह दिखा. सुबह से ही जिले के विभिन्न प्रखंडों, कस्बों और सुदूर ग्रामीण इलाकों से पहुंचे छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों की भीड़ समारोह स्थल पर जुटने लगी थी. मौसम की तपिश उनके कदमों को रोक नहीं सकी.

बच्चों के सपनों को पंख दें, दबाव नहीं सहयोग दें : डीएम

नगर भवन में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने बच्चों एवं अभिभावकों को प्रेरणादायी संदेश दिया. उन्होंने कहा कि हर बच्चे के भीतर एक अनूठी प्रतिभा होती है, जिसे पहचानने और निखारने की जिम्मेदारी परिवार और समाज की है. बच्चों के सपनों को उड़ान देने के लिए उन्हें सहयोग, विश्वास और सकारात्मक माहौल देना आवश्यक है. डीएम ने कहा कि परीक्षा में प्राप्त अंक जीवन की अंतिम कसौटी नहीं हैं. असली सफलता अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण, निरंतर परिश्रम और अच्छे संस्कारों से मिलती है. उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया. अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों पर अपेक्षाओं का अनावश्यक बोझ न डालें. उनकी रुचियों और क्षमताओं को समझते हुए उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें. जब परिवार का भरोसा और मार्गदर्शन मिलता है, तब बच्चे हर चुनौती का सामना करने में सक्षम बनते हैं. कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे. समारोह का माहौल उत्साह, प्रेरणा और गौरव से भर गया.

मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य से संवरता है बच्चों का भविष्य : एसपी

नगर भवन में प्रभात खबर द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य केवल अंकों से नहीं, बल्कि उनकी मेहनत, अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्पष्ट लक्ष्य से तय होता है. उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास को भी विकसित करना चाहिए. अभिभावकों से उन्होंने आग्रह किया कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव बनाने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और सही मार्गदर्शन बच्चों को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. एसपी ने सम्मानित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके परिश्रम और समर्पण का परिणाम है.

मेहनत और लगन ही सफलता की असली कुंजी : राघव

प्रभात खबर द्वारा नगर भवन में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा राघव ने कहा कि प्रतिभा तभी निखरती है, जब उसे सही दिशा, निरंतर परिश्रम और परिवार का सहयोग मिलता है. उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे विद्यार्थी समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेंगी. श्री झा ने छात्रों से कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने से हर मंजिल हासिल की जा सकती है. उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार मार्गदर्शन देना चाहिए. समारोह में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे. सम्मानित विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी.

सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं, मेहनत और अनुशासन ही असली पूंजी : डॉ राधेश्याम यादव

प्रभात खबर द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रख्यात शिक्षाविद् एवं समाजसेवी डॉ राधेश्याम यादव ने विद्यार्थियों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प ही व्यक्ति को उसके लक्ष्य तक पहुंचाते हैं. समारोह को संबोधित करते हुए डॉ यादव ने कहा कि प्रतिभा हर व्यक्ति के भीतर होती है, जरूरत उसे पहचानने और सही दिशा देने की है. प्रभात खबर द्वारा मेधावी छात्रों को सम्मानित करने की पहल न केवल विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाती है, बल्कि उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित भी करती है. उन्होंने छात्रों से कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए. उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे उनके मार्गदर्शन और सहयोग का बड़ा योगदान होता है.

मेहनत और अनुशासन से ही बनता है भविष्य : डॉ उदय कर्ण

प्रभात खबर द्वारा नगर भवन में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डीपीएस के निदेशक डॉ उदय कर्ण ने बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. जीवन में बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प आवश्यक है. उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हो रहे छात्र-छात्राएं अपनी लगन और परिश्रम के बल पर इस मुकाम तक पहुंचे हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं. डॉ कर्ण ने विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझें. मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग सीमित एवं सकारात्मक उद्देश्य के लिए करें तथा अपने समय का सदुपयोग करें. उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि संघर्ष ही सफलता की मजबूत नींव तैयार करता है. अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव डालने के बजाय उन्हें प्रोत्साहित करें और उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर दें.

सफलता की उड़ान के लिए शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी : एम वली

नगर भवन में प्रभात खबर द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया. इस अवसर पर डीएस इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल के निदेशक एम वली ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि बेहतर व्यक्तित्व और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का आधार है. उन्होंने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए. सफलता उन्हीं को मिलती है जो कठिन परिश्रम, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाते हैं. उन्होंने छात्रों से मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की अपील की. एम वली ने अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी प्रतिभा को पहचानें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें. उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर माहौल, उचित मार्गदर्शन और आत्मविश्वास प्रदान करना परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें, सफलता जरूर मिलेगी : सचिन माधोगड़िया

नगर भवन में प्रभात खबर द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर समाजसेवी सचिन माधोगड़िया ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े सपने देखना और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जरूरत उसे पहचानकर सही दिशा देने की है. उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए. जो छात्र अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हैं, वे निश्चित रूप से सफलता हासिल करते हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. सचिन माधोगड़िया ने अभिभावकों से बच्चों का मनोबल बढ़ाने और उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर देने की अपील की. उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और प्रोत्साहन बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत बनाता है.

प्रतिभा को मंच देना प्रभात खबर की बड़ी उपलब्धि : लव यादव

प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते युवा राजद जिलाध्यक्ष अनोज आर्य उर्फ लव यादव ने समारोह में आये बच्चों का हौसला बढ़ाते कहा कि यह सम्मान उनके भविष्य की दिशा तय करेगा. जिस कठिन लगन व मेहनत के बल पर उन्होंने यह सम्मान पाया है. उस लगन व मेहनत के बल पर वह सफलता को हासिल करते रहेंगे. कहा कि आज के समय में हर क्षेत्र में वह आगे बढ़ सकते हैं. जिस विषय में उनकी रूचि हो वह उस विषय का चयन करें. उसमें निरंतर प्रयास से आगे बढ़ते रहे. प्रभात खबर की प्रशंसा करते उन्होंने कहा कि प्रभात खबर खबरों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं उठाती, बल्कि प्रतिभा के बड़े मंच पर सम्मान देकर बच्चों के भविष्य को उज्जवल करने में सार्थक पहल की है.

सरकारी योजना का लाभ लेकर गरीब बच्चे सपने को कर सकते हैं साकार : ओमप्रकाश

प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते जदयू जिला महासचिव ओमप्रकाश यादव ने कहा कि राज्य में प्रतिभावन बच्चों के लिए के सरकार ने कई योजना चला रखी है. योजना का लाभ लेकर गरीब बच्चे अपने सपने को साकार कर सकते हैं. कहा कि प्रत्येक वर्ष प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर कौने-कौने के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को एक मंच पर लाकर सम्मानित करता है. जो सराहनीय पहल है. इससे नई पीढ़ी के बच्चों को आगे बढ़ने की ललक पैदा होता है.

जिंदगी में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा यह सम्मान : हरेकांत

प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते जदयू जिला उपाध्यक्ष हरेकांत झा ने कहा कि यह सम्मान उन्हें जिंदगी में आगे बढने की प्रेरणा देगा. इस उम्र के बच्चे जो अपना लक्ष्य तय किया है. वह अपने लक्ष्य की दिशा में मेहनत कर अपने माता-पिता व समाज का नाम रौशन करें. कहा कि सुदूर देहात से गांव के बच्चे को देख कर उन्हें गर्व महसूस होता है. कहा आज के दिन में सुदूर देहात इलाके में बच्चे अपने लक्ष्य व सम्मान के प्रति जागरूक हुए हैं.

प्रतिभावन बच्चे देश के भविष्य : डॉ विनय

प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते शहर के प्रसिद्ध शिशु चिकित्सक ने कहा कि आप देश व समाज के भविष्य हैं. जिस प्रकार अभिभावक के निर्देशन में आप बेहतर प्रदर्शन कर यहां पहुंचे हैं. उसी तरह आगे की पढ़ाई में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लें. कहा कि मेहनत के बल पर आप भी डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक बन सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MD. TAZIM

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >