वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट
Supaul News: नगर पंचायत के वार्ड संख्या-01 स्थित केशव नगर के सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में दुर्गा वाहिनी द्वारा आयोजित सात दिवसीय शौर्य शिविर का पांचवां दिन उत्साह और अनुशासन के माहौल में संपन्न हुआ. शिविर में शामिल बहनों को आत्मरक्षा, शारीरिक दक्षता और वैचारिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने नियुद्ध, योग-व्यायाम, आसन, समता, दंड, याष्टि, लक्ष्यभेद तथा छुरिका संचालन जैसी गतिविधियों में भाग लिया. प्रशिक्षकों ने बहनों को विभिन्न परिस्थितियों में आत्मरक्षा के व्यावहारिक उपाय भी सिखाए.
शारीरिक प्रशिक्षण के साथ बौद्धिक विकास पर भी जोर
शिविर में केवल शारीरिक अभ्यास तक ही कार्यक्रम सीमित नहीं रहा. खेल गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों की शारीरिक क्षमता और टीम भावना को विकसित करने का प्रयास किया गया. इसके साथ ही बौद्धिक सत्रों का आयोजन कर सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया.
उत्तर बिहार दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका शिवानी देव ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य हिंदू बहनों को शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाना है. उन्होंने कहा कि हर वर्ष आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य किया जाता है.
सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों का भी संदेश
शिविर के दौरान सामाजिक भेदभाव और कुरीतियों को समाप्त करने, समरसता को बढ़ावा देने तथा समाज जागरण से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई. इसके अलावा गोवंश आधारित कृषि और पंचगव्य के विभिन्न उपयोगों की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई.
प्रशिक्षण में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और सेवा कार्यों से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि प्रतिभागी समाज में रचनात्मक भूमिका निभा सकें.
कई प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद
शिविर के दौरान विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे. इनमें पंडित जीवेश्वर मिश्र, प्रज्ञा महामाला, डॉ. शोभा रानी, वीरेन्द्र विमल, देवी सिंह और राजकिशोर सिंह शामिल थे.
शिविर में भाग लेने वाली बहनों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया.
Also Read: “पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जबरन लिया गया इस्तीफा”, पूर्व सांसद आनंद मोहन का बड़ा बयान
