इंद्रभूषण | कटैया-निर्मली (सुपौल)
Pipra Crime News: सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. महज तीन दिनों के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ताजा मामला पथरा उत्तर पंचायत के सन्यासी टोला का है, जहां चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए जेवर, नकदी, एलसीडी टीवी, टेंपू की बैटरी और यहां तक कि एक बकरा भी चोरी कर लिया. लगातार हो रही वारदातों के बाद इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल है.
तीन दिन में तीसरी वारदात, बढ़ी ग्रामीणों की बेचैनी
पिपरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार की रात पथरा दक्षिण पंचायत में एक घर में बड़ी चोरी हुई थी, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी. इसके अगले ही दिन शुक्रवार को चोरों ने थाना से सटे अंचल परिसर स्थित अभिलेखागार के आरओ कार्यालय को निशाना बनाया. हालांकि वहां तैनात गार्ड की सतर्कता के कारण बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके.
दिल्ली गए गृहस्वामी, खाली घर को बनाया निशाना
शनिवार की रात चोरों ने पथरा उत्तर पंचायत के सन्यासी टोला वार्ड-5 में रहने वाले इंदल गिरी के घर में सेंधमारी की. गृहस्वामी दिल्ली में थे और घर में रहने वाले बच्चे रात में रिश्तेदारों के यहां सोने चले जाते थे. इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने मुख्य गेट की लोहे की कुंडी तोड़ी और घर में प्रवेश कर गए.
चोरों ने घर के कमरों में रखे बक्सों और ट्रॉली बैग को तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकद राशि और अन्य कीमती सामान समेट लिए. जाते-जाते बदमाश एलसीडी टीवी, टेंपू की बैटरी और एक बकरा भी अपने साथ ले गए.
12 वर्षीय बच्ची ने खोला चोरी का राज
घटना का खुलासा रविवार सुबह तब हुआ जब इंदल गिरी की 12 वर्षीय पुत्री नंदिनी कुमारी ने घर का सामान बिखरा देखा. इसके बाद उसने ग्रामीणों को सूचना दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.
ग्रामीणों ने पुलिस गश्ती पर उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांवों में नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं. ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस की मौजूदगी मुख्य सड़क और चौक-चौराहों तक सीमित रहती है, जबकि टोले और गांव अपराधियों के लिए आसान निशाना बन गए हैं.
जांच में जुटी पुलिस
पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड
