किशनपुर. किशनपुर बाजार एवं आसपास के चौक-चौराहों पर इन दिनों खुलेआम सूखा नशा और विदेशी शराब की बिक्री होने की चर्चाएं तेज हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही कई स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियां शुरू हो जाती है. शराब आसानी से उपलब्ध हो जाती है. लोगों के अनुसार यह कारोबार अब किसी गुप्त गतिविधि की बजाय खुले बाजार में होने वाले व्यापार जैसा दिखाई देने लगा है. बाजार के कई इलाकों में विदेशी शराब की खाली बोतलें फेंकी हुई देखी जा रही हैं, जो हालात की गंभीरता को साफ दर्शाती है. स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि इससे न केवल क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है, बल्कि आसपास से गुजरने वाले छात्र-छात्राओं पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. ग्रामीणों ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि खुलेआम अवैध बिक्री के बावजूद प्रशासनिक निगरानी और कार्रवाई बेहद कमजोर नजर आ रही है. लोगों का कहना है कि नियमित गश्त, चौकसी और सख्त कानूनी कार्रवाई के अभाव का फायदा अवैध कारोबार करने वाले उठा रहे हैं. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि किशनपुर बाजार सहित प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और सामाजिक वातावरण सुरक्षित रह सके.
किशनपुर बाजार में खुलेआम बिक रहा सूखा नशा, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही कई स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियां शुरू हो जाती है
