रुपये की लेनदेन में भाई ने बहन की छुरा घोंप की हत्या
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित अजीम पूर्णिया जिले के धमदाहा जमुनिया का मूल निवासी है
-मृतका के दोनों मासूम बच्चों के सामने घटी घटना
छातापुर.
थाना क्षेत्र के माधोपुर वार्ड संख्या 12 में शुक्रवार की देर रात भाई ने 32 वर्षीया बहन रसोईया की रुपये के लेनदेन में छुरा घोंप कर हत्या कर दिया है. मृतका शहानी खातून इकबाल अंसारी की पत्नी बताई जा रही है. मृतका के भसुर इरशाद अंसारी के साला अजीम अंसारी पर हत्या का आरोप है. आरोपित ने मृतका के साथ सोये बच्चों के सामने इस वारदात को अंजाम दिया है.
आरोपित दो लोगों को लिया हिरासत में
परिजनों की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रमोद झा व एसडीपीओ विभाष कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. आवश्यक पूछताछ व कार्यवाही के बाद पुलिस ने आरोपित की पत्नी शमीमा खातून एवं बहन सबीना खातून पति इरशाद अंसारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. वहीं शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. परिजनों के अनुसार मृतका के पति नेपाल में रहता है. घटना की जानकारी के बाद शुक्रवार पूर्वाह्न घर पहुंचे. ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित अजीम पूर्णिया जिले के धमदाहा जमुनिया का मूल निवासी है. पिछले 12 साल से वह अपने बहनोई इरशाद अंसारी की जमीन में घर बनाकर पूरे परिवार के साथ रह रहा है.
नशेड़ी प्रवृत्ति का है आरोपित
आरोपित अजीम मीट का व्यवसाय करता है. वह नशे के प्रवृत्ति का व्यक्ति है. इधर मृतका की बेटी 13 वर्षीया शहानिया प्रवीण व पुत्र 10 वर्षीय शमशेर आलम ने बताया कि शुक्रवार की रात मां के साथ घर में सो रहे थे. देर रात मामू अजीम अंसारी घर के अंदर घुस गए और पहले मोबाइल पर छुरा मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया. फिर उनलोगों के सामने मां पर छुरा से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गर्दन, सीना और पंजरे पर छुरा घोंपने से उसकी मां घायल होकर जमीन पर गिर गई. घटना को अंजाम देने के बाद मामू मां का क्षतिग्रस्त मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया. रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर बगल के घर में सो रहे बड़े पापा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे. दोनों ने बताया कि अम्मी और हत्यारे मामू अजीम के बीच लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. अम्मी ने जीविका से कर्ज उठाकर मामू अजीम को कारोबार करने के लिए पैसे दिए थे. परंतु वह पैसा वापस नहीं कर रहे थे. इस बात को लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी. थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि हत्या के ठोस कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. दो महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रहे हैं. घटना को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है. हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है.