Siwan News : समाहरणालय के संवाद कक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा की अध्यक्षता में प्राथमिकता समन्वय की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जिले के सभी जिलास्तरीय पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्राथमिकता वाले कार्यों, महत्वपूर्ण लंबित मामलों, योजनाओं की प्रगति और आवश्यक कार्रवाई से जुड़े बिंदुओं को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया.
जिलाधिकारी ने विभागवार प्रस्तुतियों का अवलोकन करने के बाद संबंधित पदाधिकारियों के साथ योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा की. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आइसीडीएस, विद्युत, भवन निर्माण, पीएचईडी समेत अन्य विभागों से जुड़े मामलों में निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करते हुए निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
विभागों के बीच समन्वय बनाकर करें काम
डीएम ने विभिन्न विभागों के बीच अंतरविभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि अनावश्यक विलंब के कारण योजनाओं का काम प्रभावित नहीं हो. उन्होंने अधिकारियों को अपने विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण और प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया.
लंबित मामलों को चिह्नित कर समय पर करें निष्पादित
जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित मामलों को चिह्नित कर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समय पर निष्पादित कराया जाये. बैठक में आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन, पंचायत सरकार भवन सहित विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण लंबित योजनाओं की भी समीक्षा की गयी.
जनहित की योजनाओं में तत्परता बरतने का निर्देश
डीएम ने जनहित से जुड़े मामलों और सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में विशेष तत्परता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति के साथ सामने आने वाली समस्याओं का भी त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए.
बैठक में अपर समाहर्ता प्रमोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता, विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अभियंता, सीवान सदर के बीडीओ व सीओ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
