National Hindi Day: नगर परिषद बरबीघा स्थित एसकेआर महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया. संगोष्ठी का विषय "हिंदी कल, आज और कल! सांस्कृतिक विरासत से भविष्य की उड़ान" था. कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने की. समारोह का शुभारंभ प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया.
हिंदी राष्ट्रीय पहचान का आधार : प्राचार्य
इस अवसर पर प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल बातचीत करने का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान का आधार है. युवाओं को उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र में भी हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग कर इसे वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठित करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि हिंदी दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में हिंदी पखवाड़ा मनाया जायेगा, जिसमें विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा.
14 से 28 सितंबर तक चलेगा हिंदी पखवाड़ा
प्राचार्य ने बताया कि हिंदी पखवाड़े के दौरान आशु भाषण, श्रुतिलेख, वाद-विवाद, नारा लेखन, लघु कथा लेखन, भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी और कविता पाठ सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा. हिंदी पखवाड़ा 14 सितंबर से 28 सितंबर तक आयोजित होगा. उन्होंने छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
छात्र-छात्राओं ने रखे अपने विचार
संगोष्ठी के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी हिंदी भाषा के महत्व और इसके प्रचार-प्रसार को लेकर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किये. महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने भी संगोष्ठी को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
इस अवसर पर डॉ. विनय कुमार, डॉ. नवल किशोर यादव, डॉ. सुमित कुमार, डॉ. राजगोपाल, डॉ. यादवेंदु रणधीर, डॉ. पिंकू कुमार, डॉ. पारितोष कुमार, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. उज्जवल कुमार भगत सहित अन्य उपस्थित रहे.
