Sheikhpura Navodaya Board Toppers : शेखपुरा जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में अलुमनी एसोसिएशन ऑफ शेखपुरा नवोदयन्स (आसना) के बैनर तले कक्षा दशम एवं द्वादश के बोर्ड टॉपर्स के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया. समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया.
कक्षा द्वादश के विज्ञान संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभय कुमार एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले संजीव कुमार को 10-10 हजार रुपये नगद, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए.
वहीं वाणिज्य संकाय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शिवम कुमार एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली श्रेया राज को भी 10-10 हजार रुपये नगद, प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया. कक्षा दशम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आशीष राज एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रिया कुमारी को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए.
सीलिएक रोग के प्रति जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान सीलिएक रोग जागरूकता अभियान के तहत महज 9 वर्ष की कोमल भारती, जिन्हें सीलिएक वॉरियर के रूप में जाना जाता है, ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं पूर्ववर्ती छात्रों को सीलिएक रोग के प्रति जागरूक किया.
कोमल ने सरल शब्दों में सीलिएक रोग के लक्षणों और इससे बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी. उन्होंने सीलिएक रोग के साथ अपने दैनिक जीवन के अनुभव भी साझा किए और लोगों से इस रोग के प्रति जागरूक रहने तथा सही समय पर चिकित्सकीय सलाह एवं जांच कराने की अपील की.
Also Read : आरा में 5 हजार की भीड़ और लालू यादव का कार्यक्रम, घायल की मौत की अफवाह के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कोमल भारती का सम्मान और जागरूकता की सराहना
सीलिएक रोग के प्रति जागरूकता फैलाने के उनके प्रयासों को देखते हुए आसना की ओर से कोमल भारती को मोमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. इस सम्मान से उपस्थित लोगों ने कोमल के जागरूकता अभियान की सराहना की.
उपस्थित अतिथि और सदस्यों की सहभागिता
कार्यक्रम में आसना के सचिव एवं शिक्षक राकेश कुमार रजक, कोषाध्यक्ष अनोज कुमार, मुख्य अतिथि डॉ. अरुण कुमार, डॉ. सौरव, नवीन कुमार, पंकज कुमार, ओम प्रकाश, अमरजीत कुमार, शशि शेखर, रोहित कुमार, रंजीत कुमार एवं विभव कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे. आसना के सदस्यों ने वर्तमान छात्र-छात्राओं से अधिक मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ अध्ययन कर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया तथा विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया.
Also Read : बिहार के एक शिक्षक के चार बेटों ने रचा इतिहास, NEET क्वालीफाई कर बने डॉक्टर
प्राचार्य और शिक्षकों की उपस्थिति
विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार ने सभी पूर्ववर्ती छात्रों, विशेषकर आसना के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए वर्तमान छात्रों से भी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया.
इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शिक्षक रंजन कुमार, अमित कुमार, अली अमीर साबरी, प्रियंका भारती एवं कादंबरी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे.
