Rohtas News : सासाराम सदर. शहर के समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में सोमवार को साप्ताहिक समन्वय की बैठक हुई. अध्यक्षता डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने की. बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों के निष्पादन के लिए अंतर्विभागीय सहयोग पर चर्चा की गयी. डीएम ने न्यायालय में लंबित मामलों, जनता से प्राप्त आवेदनों, भूमि उपलब्धता और आपदा मुआवजा समेत कई मुद्दों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिये.
लंबित सीडब्लूजेसी और एमजेसी मामलों की हुई समीक्षा
डीएम ने विधि शाखा से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर लंबित सीडब्लूजेसी और एमजेसी मामलों की समीक्षा की. उन्होंने सासाराम, कोचस, डेहरी, शिवसागर, दिनारा और बिक्रमगंज के अंचल अधिकारियों के साथ एसडीओ सासाराम व बिक्रमगंज, जिला सहकारिता पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी और डीपीओ आईसीडीएस को न्यायालय में लंबित मामलों में प्रतिशपथ दाखिल करने का निर्देश दिया.
एक सप्ताह में 30 मामलों में प्रतिशपथ दाखिल करने का लक्ष्य
डीएम ने अधिकारियों को इस सप्ताह कम से कम 30 लंबित मामलों में प्रतिशपथ दाखिल करने का लक्ष्य दिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई पूरी कर इसकी सूचना विधि शाखा को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि न्यायालय से जुड़े मामलों के निष्पादन में तेजी लायी जा सके.
जनता के आवेदनों का समय पर हो निष्पादन
बैठक में डीएम ने सहयोग पोर्टल, जनता दरबार, सीपीजीआरएएम और सीएम डैशबोर्ड से प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सभी आवेदनों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही आवेदनों के निपटारे में अनावश्यक विलंब नहीं करने को कहा.
एसटीपी और एमआरएफ के लिए एक सप्ताह में जमीन का एनओसी
नगर निकायों में एसटीपी, एमआरएफ और वेंडिंग जोन के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई. डीएम ने संबंधित अंचल अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर भूमि का अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ सके.
पुराने मुआवजा मामलों के निपटारे का निर्देश
आपदा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान दो से तीन वर्षों से लंबित मुआवजा मामलों को भी उठाया गया. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों का शीघ्र निष्पादन कर पात्र लाभुकों को मुआवजे का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
भवन, सड़क और सिंचाई योजनाओं के लिए जमीन की समस्या
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भवन, सड़क, पेयजल और सिंचाई समेत अलग-अलग योजनाओं के लिए भूमि उपलब्धता की समस्या रखी. डीएम ने संबंधित अंचल अधिकारियों और अपर समाहर्ता को आपसी समन्वय बनाकर भूमि संबंधी समस्याओं का समाधान करते हुए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
अगली बैठक में पीपीटी के माध्यम से देनी होगी जानकारी
डीएम ने अगली साप्ताहिक समन्वय बैठक में विभागीय समस्याओं और अंतर्विभागीय सहयोग से जुड़े बिंदुओं पर पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुति देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय से लंबित कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकता है.
बैठक में डीडीसी विजय कुमार पांडेय, एडीएम ललित भूषण रंजन, सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन, डीईओ मदन राय, नगर आयुक्त विकास कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
