सारण में फुटपाथी दुकानदारों की नई मांग, अब ‘येलो लाइन’ और बैरिकेडिंग से तय हो दुकान की सीमा

Chapra News: छपरा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच फुटपाथी दुकानदारों ने अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए नई मांग उठाई है. फुटपाथी विक्रेता संघ ने शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे ‘येलो लाइन’ खींचने और बैरिकेडिंग कराने की मांग की है.

Saran News: (छपरा से प्रभात किरण हिमांशु की रिपोर्ट)
छपरा शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच फुटपाथी दुकानदारों ने अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए नई मांग उठाई है. फुटपाथी विक्रेता संघ ने शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे ‘येलो लाइन’ खींचने और बैरिकेडिंग कराने की मांग की है. वेंडरों का कहना है कि इससे दुकान लगाने की स्पष्ट सीमा तय हो जाएगी और बार-बार हटाए जाने की समस्या से राहत मिलेगी.

अतिक्रमण अभियान से परेशान हैं फुटपाथी विक्रेता

फुटपाथी विक्रेता संघ के अनुसार शहर में समय-समय पर चलने वाले अतिक्रमण विरोधी अभियानों में सबसे अधिक नुकसान छोटे दुकानदारों को उठाना पड़ता है. अभियान के दौरान दुकानों को हटाने से उनकी आजीविका प्रभावित होती है. ऐसे में वेंडरों ने मांग की है कि जहां नियमित रूप से फुटपाथी दुकानें लगती हैं, वहां येलो लाइन बनाकर निर्धारित क्षेत्र चिह्नित किया जाए.

डीएम और नगर आयुक्त को सौंपा गया ज्ञापन

फुटपाथी विक्रेता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में जिलाधिकारी और नगर आयुक्त से मुलाकात कर अपनी मांगों को रखा है. संघ के अध्यक्ष विकास कुमार सैनी ने बताया कि वर्षों से शहर में वेंडिंग जोन के निर्माण की मांग की जा रही है. हालांकि हाल ही में वेंडिंग जोन के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया शुरू हुई है, लेकिन उसके निर्माण तक वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी है.

वेंडिंग जोन बनने तक येलो लाइन की मांग

संघ का कहना है कि जब तक स्थायी वेंडिंग जोन का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक उन स्थानों पर येलो लाइन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए जहां वर्तमान में फुटपाथी दुकानदार कारोबार कर रहे हैं. इससे प्रशासन और दुकानदारों दोनों को सुविधा होगी.

प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा

फुटपाथी विक्रेता संघ के सदस्यों ने कहा कि यदि येलो लाइन बनाई जाती है तो सभी दुकानदार निर्धारित सीमा के भीतर ही अपनी दुकान लगाएंगे. इससे यातायात भी प्रभावित नहीं होगा और अतिक्रमण की शिकायतें भी कम होंगी. संघ ने मांग की है कि इस व्यवस्था को टाउन वेंडिंग कमेटी की निगरानी में पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए.

डीएम ने दिए सकारात्मक संकेत, जल्द हो सकती है पहल

संघ के अध्यक्ष विकास कुमार सैनी उर्फ योगेंद्र भगत ने बताया कि हाल ही में डीएम और नगर आयुक्त के साथ हुई वार्ता के दौरान इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि डीएम ने नगर आयुक्त और सदर एसडीओ को बुलाकर मामले की जानकारी ली और सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया है.

कुछ इलाकों में येलो लाइन और बैरिकेडिंग की तैयारी

संघ के अनुसार प्रशासनिक स्तर पर इस बात पर विचार किया जा रहा है कि शहर के उन क्षेत्रों में, जहां बड़ी संख्या में फुटपाथी दुकानें लगती हैं, वहां सीमित क्षेत्र निर्धारित कर येलो लाइन बनाई जाए. साथ ही कुछ स्थानों पर लोहे की बैरिकेडिंग लगाने की भी तैयारी की जा रही है. यदि यह योजना लागू होती है तो हजारों फुटपाथी दुकानदारों को बड़ी राहत मिल सकती है.

Also Read: सारण के सरयू तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ श्रीलक्ष्मी नारायण महायज्ञ

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sakshi Kumari

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >